Tuesday, October 20th, 2026

हमास का दावा- इजरायल ने एक दिन में मार दिए 166 फिलिस्तीनी, फिर एयर स्ट्राइक के आरोप

गाजा.

हमास के खिलाफ इजरायल की कार्रवाई जारी है। अब फिलिस्तीनी समूह ने दावा किया है कि इजराइल की तरफ से की गई एयर स्ट्राइक में गाजा में 70 लोगों की मौत हो चुकी है। हमास ने इजरायल के एक्शन को 'नरसंहार' करार दिया है। कहा जा रहा है कि अब तक 20 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। 7 अक्टूबर को हमास ने इजरायल पर हमला कर दिया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलिस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अशरफ अल-किदरा का कहना है कि इजरायल ने रिफ्यूजी कैंप पर हमला कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस स्ट्राइक में कम से कम 70 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि मौत का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है, क्योंकि कैंप में बड़ी संख्या में परिवार रह रहे थे। किदरा ने कहा, 'जो भी मगाजी कैंप में हो रहा है, वो नरसंहार है जो भीड़ वाले आवासीय चौराहे पर किया जा रहा है।' इसके अलावा हमास ने इसे नया 'वॉर क्राइम' भी बताया है। इधर, इजरायल की सेना के प्रवक्ता का कहना है कि वे रिपोर्ट पर गौर कर रहे हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि 24 घंटों में 166 फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। अब तक कुल आंकड़ा 20 हजार 424 पर पहुंच चुका है।

हमास के नेतृत्व वाले आतंकवादियों ने सात अक्टूबर को दक्षिणी इजराइल में आम नागरिकों को निशाना बनाकर हमला किया था, जिसमें 1200 लोग मारे गए थे और 240 लोगों को बंधक बना लिया गया था। इसके बाद जवाबी युद्ध ने गाजा पट्टी के कुछ हिस्सों को तबाह कर दिया है, 20200 से अधिक फलस्तीनी मारे गए तथा गाजा की 23 लाख लोगों की आबादी में से लगभग 85 प्रतिशत विस्थापित हो गए। उधर, शनिवार की रात हजारों लोगों ने तेल अवीव में भारी बारिश के बीच इजरायली पीएम नेतन्याहू के विरोध प्रदर्शन किया। नेतन्याहू ने सैन्य और नीतिगत विफलताओं के लिए जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया और कहा कि लड़ाई खत्म होने के बाद वह सवालों का जवाब देंगे।

 

#air strike#Hamas#Palestinians

Source : Agency

पाठको की राय