Wednesday, October 21st, 2026

हर साल 30 हल्के लड़ाकू हेलीकाप्टरों का उत्पादन करेगा एचएएल, 150 एलसीएच के आर्डर लेने पर विचार

नई दिल्ली
भारत की सरकारी स्वामित्व वाली एयरोस्पेस और रक्षा कंपनी हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने कहा कि वह प्रति वर्ष लगभग 30 हल्के लड़ाकू हेलीकाप्टर (एलसीएच) का उत्पादन करने में सक्षम है। एचएएल के अध्यक्ष एआर माधवन ने कहा, हम कुल 150 एलसीएच के आर्डर लेने पर विचार कर रहे हैं और एक साल के भीतर वायु सेना द्वारा पहले से आर्डर किए 15 एलसीएच सौंप सकते हैं। उन्होंने बताया कि ये ऐसे हेलीकाप्टर हैं, जो 16,400 फीट की ऊंचाई पर भारी सामान के साथ उड़ान भर सकते हैं। माधवन ने यह भी बताया कि कंपनी को तेजस के नए संस्करण मार्क 1-ए के 73 विमानों के निर्माण का भी आर्डर मिला है। मार्क 1-ए मार्क 1 की तुलना में अधिक शक्तिशाली और प्रभावी होगा। माधवन ने कहा, मार्च 2024 तक पहला विमान सौंप दिया जाएगा। इसके कुछ समय बाद अन्य विमानों को सौंपने का काम किया जाएगा। इस बीच रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने चीन और पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि भारत पहले किसी देश की भूमि पर अतिक्रमण या आक्रमण नहीं करता। ये नया भारत है। ऐसे में जो भारत की भूमि पर अतिक्रमण और आक्रमण करता है, उसे मुंहतोड़ जबाव देता है। सर्जिकल स्ट्राइक इसका प्रमाण है। इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को पिथौरागढ़ के मूनाकोट विकासखंड के झोलाखेत मैदान में शहीद सम्मान यात्रा के दूसरे चरण का शुभारंभ किया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत सभी से पड़ोसी धर्म निभाता है लेकिन कुछ पड़ोसी पड़ोस धर्म नहीं जानते। भारत से अलग हुआ एक पड़ोसी अनावश्यक रू प से हमें परेशान करता है। वह देश जान ले कि हम सीमा पर ही नहीं सीमा के पार जाकर भी सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक करना जानते हैं। रक्षामंत्री ने चीन का नाम लिए बिना कहा कि भारत अपनी भूमि के एक इंच हिस्से पर भी किसी का कब्जा नहीं होने देगा। ये नया भारत है और हम अपनी भूमि पर कब्जा करने वालों को खदेड़ने की क्षमता रखते हैं।  
 

 

#HAL

Source : Agency

पाठको की राय