Sunday, October 25th, 2026

गुना केस: पुलिसवालों पर फायरिंग करने वाले सभी शिकारियों की पहचान, दबिश देने में जुटी पुलिस

 गुना।
 
मध्य प्रदेश के गुना जिले में शिकारियों को पकड़ने के लिए गयी पुलिस पर हमला करने वाले सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि 13-14 मई की मध्य रात्रि में आरोन थाना क्षेत्र के ग्राम शहरोक एवं सपा बरखेड़ा के बीच जंगल में पुलिस पर हमला करने वाले सभी शिकारियों की पहचान कर ली गई है। इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों में राघौगढ़ थाना क्षेत्र निवासी नौशाद खान (35), शहजाद खान (38), सोनू उर्फ शफाक खान (27), गुल्‍लू (25) राघौगढ़, विक्‍की उर्फ दिलशाद (25), जिला अशोकनगर निवासी मोहम्‍मद जिया खान (28) और छोटू खान (30) के रूप में कर ली गई है। एक आरोपी नौशाद खान का शव उसके गांव विधौरिया स्थित घर से घटना के बाद ही बरामद कर लिया गया था। एक अन्‍य आरोपी शहजाद खान 14 मई की रात्रि में राघौगढ़ के पास जंगल में हुई पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार दो अन्‍य आरोपी जिया खान एवं सोनू खान को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया था। प्रकरण में फरार आरोपी की पुलिस द्वारा सघनता से तलाश की जा रही है, जिनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा जंगलों में लगातार सर्चिंग के साथ ही आरोपियों के मिलने के अन्‍य संभावित स्‍थानों पर भी सघन दबिश दी जा रही है। वहीं पुलिस द्वारा इस प्रकरण में दो और आरोपी निसार खान (70) एवं शहराज खान (52) को मृतक नौशाद के शव को छिपाने और आरोपियों द्वारा पुलिस से छीनी गई शासकीय इंसास रायफल को फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

 

 

#गुना केस:

Source : Agency

पाठको की राय