Tuesday, October 20th, 2026

श्रीनगर के हरि सिंह हाई स्ट्रीट में सुरक्षाकर्मियों पर ग्रेनेड हमला, चार घायल

श्रीनगर
गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले, मंगलवार को यहां हरि सिंह हाई स्ट्रीट क्षेत्र में आतंकवादियों ने सुरक्षाकर्मियों पर एक ग्रेनेड फेंका जिससे चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि हमले में घायल होने वालों में एक पुलिसकर्मी और दो महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दोपहर साढ़े तीन बजे आतंकियों ने सुरक्षाकर्मियों के एक दल पर ग्रेनेड फेंका, जो सड़क किनारे फटा। घायलों की पहचान मोहम्मद शफी, उसकी पत्नी तनवीरा, एक अन्य महिला अस्मत और पुलिस निरीक्षक तनवीर हुसैन के रूप में की गई है। पुलिस निरीक्षक हुसैन भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में तैनात हैं। अधिकारियों ने कहा कि घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और तलाशी शुरू कर दी गई है। गणतंत्र दिवस के मौते पर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी कर दी गई है।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) कश्मीर सीमांत के महानिरीक्षक राजा बाबू सिंह ने सोमवार को कहा कि सीमा पार लगभग 135 आतंकवादी भारत में घुसपैठ करने को तैयार बैठे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर स्थिति ''शांतिपूर्ण'' है। उन्होंने कहा कि घुसपैठ के प्रयास की घटनाओं की संख्या 2021 में पिछले वर्षों की तुलना में कम थी। 

 

#Grenade attack

Source : Agency

पाठको की राय