Tuesday, October 20th, 2026

आगरा में बढ़ रहा उड़ानों का ग्राफ, पांच माह में 188 फ्लाइट अधिक आईं

आगरा
ताजनगरी में हवाई उड़ानों का ग्राफ बढ़ रहा है। पिछले साल के मुकाबले इस साल मई से सितंबर के बीच 188 फ्लाइटें अधिक आईं। इसी समयावधि में पिछले साल की तुलना में 21,410 यात्री अधिक आए। न सिर्फ शहरवासियों के लिए बल्कि पर्यटन जगत के लिए यह अच्छे संकेत हैं। निकट भविष्य में कई और शहरों के लिए आगरा से हवाई उड़ानें शुरू होने की संभावना है। एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2021 में मई से सितंबर के बीच 248 फ्लाइटें आईं। जबकि इस समयावधि में वर्ष 2020 में सिर्फ 60 फ्लाइटें ही आईं। यानि पिछले साल की तुलना में इस साल मई से सितंबर के बीच 188 फ्लाइटें आईं। इस समयावधि में वर्ष 2021 में 21,791 यात्रियों ने सफर किया और वर्ष 2020 में सिर्फ 381 यात्रियों ने सफर किया। पिछले साल की तुलना की में इस साल 21,410 यात्री अधिक आए। 

खेरिया हवाई अड्डे के निदेशक एए अंसारी के अनुसार, वर्तमान में आगरा से बेंगलुरु, लखनऊ और भोपाल के लिए हवाई सेवा उपलब्ध है। अक्टूबर के अंत तक आगरा से अहमदाबाद के लिए भी हवाई सेवा थी। नवंबर से यह फ्लाइट स्थगित है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान का कहना है कि विभिन्न पर्यटन स्थलाें के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू की जरूरत है। जयपुर, गोवा के साथ ही उदयपुर, मुंबई के लिए भी हवाई सेवा शुरू करने की जरूरत है। पर्यटन प्रहरी संस्था के अध्यक्ष सुमित उपाध्याय का कहना है कि हवाई सेवा के प्रचार-प्रसार की जरूरत है। साथ ही इन्हें नियमित किया जाना चाहिए, जिससे कि आम लोगों को इसकी जानकारी हो सके। आगरा में हवाई सेवाओं के लिए काफी संभावनाएं हैं। 

 

#Graph

Source : Agency

पाठको की राय