Monday, October 26th, 2026

17 जुलाई से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का होने जा रहा है भव्य शुभारंभ

सूरजपुर
17 जुलाई से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। जिसमें 16 तरह के पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन का पूरा प्रशासनिक अमला 17 जुलाई को आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़िया ओलंपिक हरेली त्यौहार की तैयारी में लग गया है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर द्वारा प्रत्येक मीटिंग में कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए बिंदुवार चर्चा की जाती है और आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाते हैं। जिसके लिए उन्होंनें संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र स्तर पर राजीव गांधी युवा मितान क्लब, जोन, विकासखण्ड तथा नगरीय निकाय परिषद क्लस्टर स्तर और जिला स्तर पर छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेल के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 16 पारम्परिक खेलों गिल्ली-डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बांटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेंड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद, रस्सीकूद और कुश्ती का आयोजन किया जाएगा। इस खेल प्रतियोगिता में बच्चों से लेकर महिला एवं पुरूष वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। इसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक, दूसरा 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग और तीसरा वर्ग 40 वर्ष से अधिक उम्र के लिए है। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेलों के लिए 06 स्तर निर्धारित किये गये है। इसके अनुसार पहले ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र स्तर पर राजीव गांधी युवा मितान क्लब स्तर पर 17 जुलाई से 22 जुलाई तक खेलों का आयोजन नाकआउट पद्धति से होगा।

जोन स्तर पर 26 जुलाई से 31 जुलाई तक, विकासखण्ड-नगरीय स्तर पर 07 अगस्त से 21 अगस्त तक, संभाग स्तर पर 10 सितम्बर से 20 सितम्बर तक और राज्य स्तर पर 25 सितम्बर से 27 सितम्बर तक छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के उपरांत विजेता प्रतिभागी-दलों को राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के अंतिम दिवस के अवसर पर पुरस्कार राशि का वितरण किया जाएगा। जिसमें विकासखण्ड-नगरीय निकाय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी-दलों को 1000 रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी-दलों को 750 रुपए, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी-दलों को 500 रुपए, जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी-दलों को 2000 रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी-दलों को 1500 रुपए, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी-दलों को 1000 रुपए प्रदान किया जाएगा।

 

#Chhattisgarhia Olympics

Source : Agency

पाठको की राय