Thursday, October 22nd, 2026

राज्यपाल ने सिंधी समाज के सेवा पखवाड़ा का किया उद्घाटन

रायपुर
राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके द्वारा रायपुर के मैक कॉलेज सभागार में सिंधी समाज के सेवा पखवाड़ा युवा विकास एवं स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सुश्री अनुसुईया उइके ने कहा कि आज हमारे युवा दिशाहीन होते जा रहे हैं। देश के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस तरह के कार्यक्रम निश्चय ही युवाओं का मार्गदर्शन करेगा। सिंधी युवा विंग द्वारा की गई यह पहल अनुकरणीय है। स्वास्थ्य पर बोलते हुए सुश्री उइके ने कहा कि यदि हमारा समाज स्वस्थ रहेगा तभी हमारा देश तरक्की करेगा। आजकल युवा अपनी सही राहों से भटकर नशा, दुर्व्यसन जैसे बुरे कर्मो में लिप्त हो अपनी स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह हो गया है। आज आवश्यक है कि उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाये। उन्होंने कहा कि यदि युवा स्वस्थ रहेगा तभी देश और देश का भविष्य स्वस्थ रहेगा। सुश्री उइके ने कहा कि कोविड -19 के उस कठिन दौर में हमने बहुत कुछ खोया है, लेकिन इसने हमें बहुत कुछ सिखाया भी है। इसके बाद आज हम अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक हो गये हैं।  

सेवा पखवाड़ा में सिंधी समाज द्वारा नशा मुक्ति, अनाथ आश्रमों में बच्चों और बुजुर्गों की सेवा, रक्त दान शिविर और सेवा कैम्पों का आयोजन किया जायेगा। इस संबंध में सुश्री उइके ने कहा कि जिन लोगों के मन में मानवीय संवेदना होती है उनकी मदद भगवान करता है। इसलिए हमें हमेशा नि:स्वार्थ भाव से लोगों की सेवा करनी चाहिए। सेवा पखवाड़ा में सिंधी समाज द्वारा समाज सेवा के लिए किए जा रहे ये कार्य निश्चय ही प्रशंसनीय हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज के विकास के लिए अतिआवश्यक हैं। इसके लिए उन्होंने सिंधी समाज को बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस कार्यक्रम के अवसर पर श्रद्धेय संत सांईलाल दास जी, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी,सिंधी समाज के युवा विंग के अध्यक्ष अमिन चिमनानी तथा सिंधी समाज के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे। यह कार्यक्रम सिंधी समाज द्वारा आयोजित किया गया था।

 

#Governor

Source : Agency

पाठको की राय