Thursday, October 22nd, 2026

नवीन सहकारी संस्थाओं को दस लाख रुपए की मदद देगी सरकार

भोपाल
मध्यप्रदेश में कृषि, शिक्षा, परिवहन, पर्यटन, स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने वाली नवीन सहकारी संस्थाओं को राज्य सरकार दस लाख की अंशपूंजी सहायता उपलब्ध कराएगी। विशिष्ट क्षेत्रों में काम करने वाली सहकारी संस्थाओं की अंशपूंजी वृद्धि कर उन्हें ऋण ग्रहण क्षमता बढ़ाने के लिए सहायता दी जाएगी। जिससे सहकारिता के माध्यम से कमजोर वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति देते हुए ये संस्थाएं कमजोर समाज के लोगों के विकास में सहायक बनकर उनके शोषण को रोक सके।  इस योजना के तहत किसी भी सहकारी संस्था को अंशपूंजी सहायता दस लाख रुपए तक दी जाएगी। संस्था की स्वयं की अंशपूंजी ढाई लाख या उससे अधिक होना चाहिए। संस्था का पंजीयन छह माह पूर्व हुआ होना चाहिए अथवा पंजीयन की अवधि तीन वर्ष हो चुकी हो तभी उसे अंशपूंजी सहायता दी जाएगी।

इन्हें मिलेगी मदद
कुक्कुट पालन, परिवहन, पर्यटन, कृषि प्रसंस्करण, कृषि आधारित मूल्य संवर्धन, कृषि संबंधी कार्यकलाप उद्यानिकी, कोष, कीटपालन, ग्रामीण एवं कुटीर उद्योग, जैविक कृषि, सामाजिक वानिकी, वेयर हाउस, भंडारण, सेवा क्षेत्र की संस्थाएं जो कोई नवीन परियोजना लागू कर रही हो, प्रौद्योगिकी, शिक्षा तथा प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, विद्युत एवं गैर परंपरागत उर्जा नवीनीकरण सहकारिता से अंत्योदय अंतर्गत बहुउद्देशीय सहकारी संस्थाएं।

 

Source : Agency

पाठको की राय