विमानों में आ रही तकनीकी खराबी पर सरकार ने लिया एक्शन-केंद्रीय मंत्री सिंधिया
नई दिल्ली
पिछले कुछ महीनों में विमानों में लगातार आ रही तकनीकी खराबी पर सरकार ने एक्शन लिया है. निगरानी तंत्र मजबूत किया गया है. सुरक्षा के हर कदम उठाए जा रहे हैं. नागरिक उड्डयन मंत्रालय के लिए यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरी है.
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अपने मंत्रालय के कामकाज को लेकर कहा कि सफर सुरक्षित रहे, यह हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा, “मेरे लिए इस मंत्रालय का कार्यभार संभालना भावनात्मक क्षण था, क्योंकि मेरे पिता जी ने भी कभी यह पद संभाला था.” उन्होंने कहा, “मोदी जी की तरफ से जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे निष्ठा से निभाने का काम कर रहा हूं.”
अपनी कमजोरी पर कांग्रेस को ही करना होगा मनन: सिंधिया
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस के राजनीतिक उतार पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि अब यह पार्टी उनका अतीत है. उन्होंने कहा, “अब मैं सिर्फ अपने वर्तमान और भविष्य के बारे में बात करूंगा. कांग्रेस क्यों कमजोर हो रही है, उसके बारे में चिंतन-मनन उसे ही करना पड़ेगा.”
जीत स्वीकार तो, हार को भी स्वीकार करना चाहिए
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश निकाय चुनाव में ग्वालियर में भाजपा की हार को लेकर कहा, “हार और जीत ज़िंदगी के दो पहलू हैं. जीत स्वीकार तो, हार को भी स्वीकार करना चाहिए. मध्य प्रदेश में कई नगर निगमों में हमको कठिनाई का सामना करना पड़ा. हम इसका विश्लेषण करेंगे.” उन्होंने कहा कि वह पद की लालसा नहीं रखते हैं. उन्हें जो काम मिला है उसे पूरी निष्ठा से करने की कोशिश कर रहे हैं. पद के लिए कांग्रेस छोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा, “मैंने आत्मसम्मान के लिए वह कदम उठाया था, न कि पद के लिए.”

पाठको की राय