सरकार WhatsApp की नई प्राइवेसी पॉलिसी पर सख्त
नई दिल्ली
व्हाट्सएप की प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर विवाद भारत सरकार ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। सूत्रों के मुताबिक इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने व्हाट्सएप को अपनी नई पॉलिसी को वापस लेने का आदेश दिया है। इससे पहले व्हाट्सएप ने दावा किया था कि उसने 15 मई से लागू होनेवाली नई प्राइवेसी पॉलिसी को टाल दिया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने मंत्रालय की ओर से इस संबंध में 18 मई को एक पत्र भी भेजा गया है। इसमें मंत्रालय ने व्हाट्सएप को स्पष्ट शब्दों में बताया है कि कैसे उसकी नई प्राइवेसी पॉलिसी मौजूदा भारतीय कानूनों और नियमों के कई प्रावधानों का उल्लंघन करती है।
मंत्रालय ने भारतीय यूजर्स के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार के मुद्दे को भी उठाते हुए कहा "जैसा कि आप निश्चित तौर पर जानते हैं, कई भारतीय नागरिक रोजमर्रा की जिंदगी में संवाद करने के लिए व्हाट्सएप पर निर्भर हैं। यह ना सिर्फ समस्या पैदा करनेवाला है, बल्कि गैर जिम्मेदाराना भी है कि व्हाट्सएप अपनी इस स्थिति का लाभ उठाते हुए भारतीय यूजर्स पर अनुचित नियम और शर्तें थोपे। खास तौर पर ऐसे नियम जो यूरोपीय यूजर्स की तुलना में भारतीय उपयोगकर्ताओं के साथ भेदभावपूर्ण हैं।" मंत्रालय ने इसमें कहा है कि अपनी प्राइवेसी पॉलिसी को 15 मई के आगे स्थगित करने भर से व्हाट्सएप को भारतीय यूजर्स की सूचनात्मक गोपनीयता, डेटा सुरक्षा और यूजर्स के विकल्प की आजादी का सम्मान किये जाने की जिम्मेदारी से मुक्त नहीं किया जा सकता।

पाठको की राय