Thursday, October 22nd, 2026

सरकारी स्कूल की किताबें कबाड़ की दुकान में मिली, एसडीएम ने आठ कुंतल बुक्स को किया जब्त

 चंदौली 
नए शिक्षा सत्र की किताबें जिला मुख्यालय से धानापुर बीआरसी के लिए भेजी गई लेकिन उसे बिछियां कला स्थित कबाड़ की दुकान पर बेच दिया गया। कलेक्ट्रेट जा रहे एसडीएम न्यायिक प्रदीप कुमार की नजर कबाड़ी की दुकान पर पड़ी तो मामला खुला। आनन-फानन में बीएसए समेत खंड शिक्षाधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद कबाड़ी की दुकान पर मिले करीब 8 कुंतल से अधिक किताबों को जब्त कर मुख्यालय भेजवाया गया। साथ ही प्रकरण की जांच में अधिकारी जुट गए। जिले में 1185 परिषदीय विद्यालयों में पंजीकृत 2 लाख 13 हजार 195 बच्चों को नए शिक्षा सत्र की पुस्तकें वितरित करने के लिए जिले में 16 लाख से अधिक किताबें उपलब्ध हुई हैं। 

पुस्तकों को मुख्यालय स्थित बीएसए दफ्तर के बगल में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के कमरों में भंडारण किया गया है। यहां से सभी ब्लॉकों के बीआरसी पर पुस्तकों को भेजने की प्रक्रिया चल रही है। बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित बीएसए कार्यालय से धानापुर बीआरसी के लिए पिकअप पर लादकर किताबों को भेजा गया। अफसरों का कहना है कि वाहन चालक ने बीआरसी पर न जाकर किताबों के बंडल को बिछियां कला स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर बेच दिया। इस बीच कलक्ट्रेट जा रहे एसडीएम न्यायिक प्रदीप कुमार की नजर कबाड़ी की दुकान पर पड़ी। किताबों के बाबत पूछताछ हुई तो मामला सामने आ गया। 

 

#सरकारी स्कूल

Source : Agency

पाठको की राय