Thursday, October 22nd, 2026

सरकार ने अन्न योजना को 6 महीनों तक के लिए बढ़ाया

नई दिल्ली
 आज मोदी सरकार ने कैबिनेट की मीटिंग के बाद एक अहम फैसला लिया है। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना (PM Garib Kalyan Anna Yojana) को 6 महीनों तक बढ़ा दिया गया है। यानी अब 30 सितंबर 2022 तक गरीबों को मुफ्त राशन मिलता रहेगा। अभी तक पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना की आखिरी तारीख 31 मार्च 2022 थी। इससे पहले यूपी में योगी आदित्यनाथ ने सीएम पद की शपथ ग्रहण करने के दूसरी ही दिन यानी शनिवार को मुफ्त राशन योजना 3 महीने के लिए बढ़ाई है।

कोरोना संकट में शुरू हुई थी स्कीम
कोरोना संकट के दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का मार्च 2020 में ऐलान किया गया था। गरीब कल्याण अन्न योजना का मकसद कोरोना महामारी द्वारा हुए तनाव को कम करना है। शुरुआत में PMGKAY स्कीम को अप्रैल-जून 2020 की अवधि के लिए लॉन्च किया गया था, लेकिन बाद में इसे 30 नवंबर तक बढ़ा दिया गया था। इसके बाद इसे 31 मार्च 2022 तक बढ़ाया गया और अब फिर से इसे 30 सितंबर 2022 तक बढ़ाया जा रहा है।


प्रति व्यक्ति पांच किलो अनाज
कोरोना संक्रमण के बाद लॉकडाउन की वजह से रोजी-रोटी के लिए परेशान लोगों को सरकार ने फ्री राशन योजना शुरू की थी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गरीबों को प्रति व्यक्ति 5 किलो खाद्यान्न मुफ्त मिलता है।

 

#गरीब कल्याण अन्न योजना

Source : Agency

पाठको की राय