गोठान पहुंच कार्यक्रम 8 को, 11 को कलेक्टर लेंगे डी-ब्रीफिंग
रायपुर
रायपुर जिले के सभी गोठानों में आगामी 8 अप्रैल को गोठान पहुंच कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मयंक चतुवेर्दी ने कृषि विभाग तथा जिले के सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को कार्यक्रम के व्यवस्थित संचालन के संबंध में निर्देशित किया है।
उन्होंने बताया कि 4 अप्रैल से 16 अप्रैल के मध्य गोठान पहुँच कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में निर्देश प्राप्त हुआ था। उन्होंने बताया कि 8 अप्रैल को नोडल अधिकारी, आर.ए.ई.ओ तथा गोठान समिति के सभी सदस्य अपने गोठान में अनिवार्यत: 4-5 घण्टे उपस्थित रहकर गोठान की गतिविधियों का अवलोकन एवं निरीक्षण करेंगे। गोठान समितियों, स्वसहायता समूहों, चरवाहा आदि से चर्चा उपरांत समस्याओं की पहचान कर सूचीबद्ध करेंगे। पहचान की गई समस्याओं और उसके समाधान के लिए सुधारात्मक कार्यवाही करने के साथ ही गोठान को आर.आई.पी.ए के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना, क्रियान्वयन पर जानकारी एवं सुझाव प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे।
श्री चतुवेर्दी ने बताया कि गोठान पहुँच कार्यक्रम की डी-ब्रीफिंग 11 अप्रैल को सुबह 11 बजे से पंडित दीनदयाल उपाध्याय आॅडोटोरियम रायपुर में कलेक्टर द्वारा की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उक्त कार्यक्रम की संपूर्ण जानकारी के साथ उपस्थित रहने कहा है।

पाठको की राय