Monday, October 26th, 2026

शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए गोरबी पुलिस ने निकला पैदल मार्च

मार्ग अवरुद्ध कर रहे लोगों को दी हिदायत

गोरबी
गोरबी पुलिस ने शुक्रवार शाम कस्बे का पैदल भ्रमण किया। निरीक्षक अशोक सिंह परिहार के मार्गदर्शन में गोरबी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनय शुक्ला द्वारा चौकी के बल के साथ कस्बे की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं लोगों में सुरक्षा का भाव जगाने के लिए यह पैदल मार्च निकाला गया था। इस दौरान पुलिसकर्मी गोरबी मुख्य बाजार, गोरबी बस्ती एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए लोगों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश में जुटे रहे।

पुलिस ने सभी व्यापारियों को अपना सामान व्यवस्थित दुकानों के अंदर रखने के भी निर्देश दिए। गौरतलब है कि गोरबी क्षेत्र में स्टेशन के समीप रेलवे क्रॉसिंग यातायात की बड़ी समस्या बनकर उभरा है। मालगाड़ी एवं यात्री ट्रेनों की आवागमन के कारण करीब हर घंटे यहां रेलवे फाटक बंद दिखाई देता है। जिससे फाटक के दोनों तरफ भारी वाहनों का कई सौ मीटर का लंबा जाम लग जाता है।

बीते दिनों में भी जाम से निकलते हुए एक बाइक सवार हादसे का शिकार हो गया था, जिसे पुलिस ने तत्काल इलाज हेतु ट्रॉमा सेंटर भिजवाया था।

 

Source : Agency

पाठको की राय