Tuesday, October 20th, 2026

मालगाड़ी का वैगन पटरी से उतरा, सही कराने ले जा रहे थे लखनऊ

उन्नाव
लखनऊ-कानपुर रेलरूट पर पडऩे वाले मगरवारा स्टेशन के पास एक खराब खड़ा वैगन जिसे रेलवे के अधिकारी दुरुस्त करने को लेकर जा रहे थे। जैसे ही उसे इंजन से जोड़कर लखनऊ ले जाया जा रहा था तो वह डिरेल हो गया। प्वाइंट पर हुई घटना से दोनों रूट पर ट्रेन यातायात बाधित हो गया। इससे विभागीय अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी घटनास्थल की ओर भागे और एआरटी (एक्सीडंट रिलीफ ट्रेन) को सूचना दी गई है। लखनऊ-कानपुर रेलरूट स्थित मगरवारा स्टेशन के पास काफी समय से एक मालगाड़ी का वैगन खराब खड़ा हुआ था। शनिवार दोपहर करीब दो बजे उसे रेलवे के इंजीनियर इंजन से जोड़कर लखनऊ स्थित वर्कशाप ले जा रहे थे। अभी उसे प्वाइंट के पास से दूसरे ट्रैक पर ले जाया जा रहा था तभी अचानक वह पटरी से उतर गया। प्वाइंट पर होने से दोनों ट्रैक बाधित हो गए। जानकारी होते ही अधिकारी सक्रिय हुए और कानपुर से एआरटी को सूचित करते हुए तत्काल काम शुरू करवा दिया गया। हालांकि अधिकारियों को इसमें डेढ़ घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी सफलता नहीं मिल सकी है। स्टेशन अधीक्षक उन्नाव हैदर मेहंदी ने बताया कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। जिसके बाद एआरटी को भी कानपुर से बुलाया गया है। बताया कि अप लाइन को कुछ ही देर में सुचारु कराया जाएगा। डाउन लाइन एआरटी के आने के बाद ही सुचारु हो सकेगी।

 

 

#Goods

Source : Agency

पाठको की राय