भोपाल में बेपटरी हुई मालगाड़ी,30 मिनट तक बंद रहा रेल मार्ग
भोपाल
नई दिल्ली -चेन्नई रेल मार्ग पर सोमवार भोपाल रेलवे स्टेशन के पास दोपहर करीब 1:30 बजे एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई। यह मालगाड़ी खाली थी और इसका एक वैगन ही पटरी से उतरा था। यह भोपाल से इटारसी की ओर जा रही थी और घटना भोपाल रेलवे स्टेशन से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के बीच भारत टाकीज ब्रिज के नजदीक हुई। इसकी वजह से 30 मिनट कतक नई दिल्ली- चेन्नई रेल मार्ग के एक ट्रैक पर रेल आवागमन बंद रहा। रेलवे ने मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है जो मालगाड़ी के पटरी से उतरने के हर पहलुओं की जांच करेगा।
भोपाल रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सूबेदार ने बताया कि मालगाड़ी की जिस वैगन के पहिए पटरी से उतरे थे वह इंजन से काफी पीछे की थी उससे लेकर इंजन तक के हिस्से को घटना के तुरंत बाद रानी कमलापति रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ाया और बाकी के हिस्से को अलग से इंजन लगाकर भोपाल स्टेशन यार्ड की तरफ शिफ्ट कर दिया था। जिस वैगन के पहिए उतरे थे उसे रेलवे की क्रेन मशीन के द्वारा ट्रैक से हटा दिया गया और ट्रैक का तुरंत परीक्षण करने के बाद उसे चालू कर दिया गया है। घटना किन कारणों से हुई इसको लेकर अभी जांच होने तक कुछ भी नहीं कहा जा सकता क्योंकि घटना की कई वजह हो सकती है। ट्रैक को कम समय में खाली कर दिया था इसलिए इस रेलमार्ग पर मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित नहीं हुई।
#भोपाल में बेपटरी हुई मालगाड़ी

पाठको की राय