Thursday, October 22nd, 2026

किसानों की माँग के अनुसार अच्छी गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराये जायेंगे

भोपाल

किसानों को उनकी माँग के अनुसार अच्छी गुणवत्ता के बीज उपलब्ध करवाने के लिये बीज संघ को सशक्त बनाया जायेगा। बीज उत्पादक सहकारी समितियों के सदस्यों के सुझावों पर अमल किया जायेगा। सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने यह बातें मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बीज उत्पादक एवं विपणन संघ की सामान्य सभा की बैठक में कहीं। संघ की सामान्य सभा की 16वीं बैठक समन्वय भवन के सभाकक्ष में सम्पन्न हुई।

मंत्री डॉ. भदौरिया ने कहा कि बीज संघ द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य किया जायेगा और बीज उत्पादक समितियों के हितों का भी ध्यान रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि बीज उत्पादक समितियों और शासन के बीच बेहतर तालमेल से प्रदेश का कृषि क्षेत्र प्रगति पथ पर अग्रसर होगा। बैठक में बीज संघ द्वारा प्रजनक बीज के उठाव, वितरण एवं उत्पादन से संबंधित वर्ष 2020-21 की प्रगति और वर्ष 2021-22 की कार्य-योजना का अनुमोदन किया गया। संघ के वर्ष 2022-23 के लिये आय-व्यय (बजट) को स्वीकृति प्रदान की गई।

साधारण सभा का विषयवार प्रस्तुतिकरण बीज संघ के प्रबंध संचालक श्री ए.के. सिंह द्वारा किया गया। सभी विषयों पर आमसभा द्वारा सर्व-सम्मति एवं ध्वनि-मत से अनुमोदन किया गया। प्रबंध संचालक द्वारा संघ के तैयार हो रहे पोर्टल एवं वेबसाइट पर समस्त जानकारी अंकित करने का आग्रह सभी समितियों के प्रतिनिधियों से किया गया। बीज उत्पादक समितियों के प्रतिनिधियों ने बीज उत्पादक समितियों को बेहतर बनाने के संबंध में सुझाव प्रस्तुत किये। संयुक्त आयुक्त सहकारिता श्री बी.एस. शुक्ल, प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक श्री पी.एस. तिवारी और श्री के.के. द्विवेदी सहित बीज उत्पादक समितियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

 

 

#Good quality

Source : Agency

पाठको की राय