ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 होगा सबसे छोटा संस्करण, 10 खेल शामिल
इसकी सबसे बड़ी वजह है कि ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 पिछले 32 वर्षों का सबसे छोटा एडिशन बनने जा रहा है. इस बार सिर्फ 10 खेल आयोजित किए जाएंगे, जबकि बैडमिंटन, हॉकी, कुश्ती, क्रिकेट और टेबल टेनिस जैसे कई लोकप्रिय खेल बाहर कर दिए गए हैं.
स्कॉटलैंड 12 वर्षों के भीतर कॉमनवेल्थ गेम्स के दो संस्करण आयोजित करने वाला दूसरा देश बनेगा. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2006 में मेलबर्न और 2018 में गोल्ड कोस्ट में खेलों की मेजबानी की थी. हालांकि, ग्लासगो इतिहास का पहला शहर होगा, जो इतनी कम अवधि में दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा. इससे पहले शहर ने 2014 में भी इस इवेंट का सफल आयोजन किया था.
विक्टोरिया ने क्यों छोड़ी मेजबानी?
मूल रूप से 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य को मिली थी. अगस्त 2022 में बोली जीतने के बाद तैयारियां भी शुरू हो गई थीं. उस समय कुल 21 खेलों को शामिल करने की प्लानिंग थी, जो 2010 दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स के रिकॉर्ड के बराबर थी.
लेकिन 18 जुलाई 2023 को विक्टोरिया सरकार ने अचानक मेजबानी से हाथ खींच लिया. राज्य के प्रीमियर डैनियल एंड्रयूज ने कहा कि आयोजन की अनुमानित लागत बढ़कर 6 से 7 अरब ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (AUD) तक पहुंच गई थी, जो संभावित लाभ की तुलना में बेहद अधिक थी. इसलिए सरकार ने कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन के साथ मेजबानी समझौता समाप्त करने का फैसला किया.
ग्लासगो ने कैसे बचाया टूर्नामेंट?
11 अप्रैल 2024 को जब कोई दूसरा मेजबान सामने नहीं आया, तब ग्लासगो ने 'आखिरी ऑप्शन' के तौर पर 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी का प्रस्ताव रखा. लागत कम रखने के लिए 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स के मौजूदा स्टेडियम और इंफ्रास्ट्रक्चर का दोबारा इस्तेमाल करने का फैसला किया गया. एथलीटों के रहने के लिए अलग एथलीट्स विलेज बनाने के बजाय शहर के होटलों के साथ ग्लासगो कैलेडोनियन यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लासगो की स्टूडेंट आवास सुविधाओं का इस्तेमाल किया जाएगा.
11 अगस्त 2024 तक ग्लासगो आधिकारिक तौर पर मेजबानी के लिए तैयार हो गया. कम बजट वाले इस आयोजन में सात वेन्यू पर प्रतियोगिताएं होंगी और सिर्फ 10 खेल शामिल किए जाएंगे.
1994 के बाद सबसे कम खेल
कॉमनवेल्थ गेम्स में 1994 के बाद पहली बार सिर्फ 10 खेल होंगे. इससे पहले कनाडा के विक्टोरिया में आयोजित 1994 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी 10 खेल शामिल थे. उस समय इवेंट केवल पारंपरिक व्यक्तिगत खेलों तक सीमित थी और टीम खेलों को शामिल नहीं किया गया था. बाद में 1998 कुआलालंपुर गेम्स से टीम स्पोर्ट्स को जोड़ा गया.
किन खेलों को किया गया बाहर?
ग्लासगो 2026 से कई बड़े और लोकप्रिय खेलों को हटा दिया गया है. इनमें फील्ड हॉकी, बैडमिंटन, शूटिंग और कुश्ती जैसे भारत के लिहाज से लोकप्रिय खेल हटाए गए हैं. फुल-टीम स्पोर्ट्स में सिर्फ नेटबॉल को बरकरार रखा गया है, जबकि बास्केटबॉल का 3×3 फॉर्मेट भी शेड्यूल में शामिल रहेगा.
खर्च कम करने के लिए बदले कई इवेंट
आयोजन की लागत घटाने के लिए मैराथन, रेस वॉकिंग, माउंटेन बाइकिंग और रोड साइक्लिंग जैसे आउटडोर इवेंट भी शेड्यूल से हटा दिए गए हैं. वहीं पारंपरिक लॉन बाउल्स इस बार खुले मैदान की बजाय इनडोर फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा. कम खेल, सीमित बजट और बिना एथलीट्स विलेज के होने वाला ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 इतिहास के सबसे अलग और सबसे छोटे संस्करण के रूप में दर्ज होने जा रहा है.
ग्लास्गो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में कितने खेल शामिल हैं?
ग्लास्गो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 10 खेल शामिल किए गए हैं, जिनमें 6 पैरा स्पोर्ट्स भी शामिल हैं.
आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक
एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स
बॉल्स और पैरा बॉल्स
मुक्केबाजी
ट्रैक साइक्लिंग और पैरा ट्रैक साइक्लिंग
नेटबॉल
जूडो
तैराकी और पैरा तैराकी
वेटलिफ्टिंग और पैरा पावरलिफ्टिंग
3x3 बास्केटबॉल और 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल

पाठको की राय