पौध-रोपण कर पवित्र धरा को स्वच्छ पर्यावरण दें- राज्य मंत्री परमार
भोपाल
स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) और सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री एवं बैतूल जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने पौध-रोपण महाअभियान (अंकुर कार्यक्रम) में बैतूल के सतपुड़ा फारेस्ट रेस्ट हाउस परिसर में रुद्राक्ष, बरगद और लक्ष्मीतरु के पौधे रोपे। राज्य मंत्री परमार ने कहा कि वृक्ष हमारे पर्यावरण को शुद्ध करते हैं। परमार ने सभी से आग्रह किया कि हमारी पवित्र धरा को स्वच्छ पर्यावरण देने के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएँ।
प्राणवायु अवार्ड के प्रमाण-पत्र
राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार ने पौध-रोपण कर अंकुर कार्यक्रम के वायुदूत एप पर फोटो अपलोड करने वाले जिले के नागरिकों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रेषित प्राणवायु अवार्ड के प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए। प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वालों में बैतूल के आकाश श्रीवास्तव, राम दातीर, ब्रजेश गढ़वाल एवं श्रीमती अभिलाषा बाथरी शामिल थे। उल्लेखनीय है कि जिले के 23 नागरिकों का लॉटरी पद्धति से चयन किया जाकर प्राणवायु अवार्ड के प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए हैं।
पौधा-रोपण कार्यक्रम में सांसद डी.डी. उइके, कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस, वन मंडलाधिकारी पुनीत गोयल सहित जन-प्रतिनिधि और नागरिकों ने भाग लिया।

पाठको की राय