हिजाब हटाने को तैयार नहीं लड़कियां, कल फिर होगी सुनवाई
बेंगलुरु
हिजाब विवाद पर कर्नाटक हाई कोर्ट (Hijab Hearing Karnataka High Court) में चौथे दिन की सुनवाई पूरी हो गई है। मामले पर अगली सुनवाई बुधवार को दोपहर 2.30 बजे फिर से होगी। मंगलवार को छात्राओं के वकीलों ने कोर्ट के सामने अपनी जोरदार दलीलें रखींऔर मांग की है कि सिर्फ आवश्यक धार्मिक प्रथा के पैमाने पर इसे न तौलकर, विश्वास को देखना चाहिए और उसकी रक्षा करनी चाहिए। दरअसल उडुपी के एक सरकारी कॉलेज (Udupi Hijab Row) से यह विवाद शुरू हुआ था। मुस्लिम छात्राओं के वकील आर्टिकल 25 का हवाला देते हुए इसे जरूरी इस्लामिक प्रथा (Hijab in Islam) बता रहे हैं। हाई कोर्ट में सीनियर एडवोकेट देवदत्त कामत (Devdutt Kamat) ने राज्य सरकार के नोटिफिकेशन को अवैध ठहराते हुए कहा है कि कर्नाटक एजुकेशन ऐक्ट में इस संबंध में प्रावधान नहीं है।
कर्नाटक के हिजाब विवाद में आज शाम पांच बजे तक सुनवाई चली लेकिन कोर्ट ने कोई फैसला नहीं सुनाया है. कल दोपहर 2.30 बजे हाईकोर्ट में फिर सुनवाई होगी. गौरतलब है कि शिक्षण संस्थानों में हिजाब को बैन किये जाने के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गयी है. इस मसले पर तीन सदस्यीय बेंच सुनवाई कर रही है.
आज से कॉलेज खुले
कर्नाटक में हिजाब विवाद के बीच आज कॉलेजों को भी खोल दिया गया है. प्रदेश में कई जगहों पर कॉलेज और स्कूल परिसर के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू कर दी गयी है. एसजेएमवी कॉलेज की तरफ से जानकारी दी गयी है कि हम हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश का पालन करवाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसमें यह कहा गया है कि कोई भी स्टूडेंट धार्मिक प्रतीक चिह्न पहनकर स्कूल या कॉलेज नहीं आयेंगे. लेकिन अभी भी कुछ विद्यार्थी हिजाब के साथ आ रहे हैं और वे हिजाब हटाने को तैयार नहीं इसलिए हमने आज एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी है.
हम बुर्का हटा सकते हैं हिजाब नहीं
एक स्कूली छात्रा ने कहा कि हम पढ़ाई के लिए स्कूल आये हैं, लेकिन स्कूल प्रशासन हमसे हिजाब और बुर्का हटाने को कह रहा है. हम बुर्का हटा सकते हैं, लेकिन हिजाब नहीं. वहीं स्कूल खुलने पर कई अभिभावक और स्कूल प्रबंधन से उलझते नजर आये और कहा कि वे परीक्षा छोड़ देंगे लेकिन पहनना नहीं छोड़ेंगे.
प्रदेश में स्थिति शांतिपूर्ण
गौरतलब है कि कर्नाटक में आज से सभी स्कूल और कॉलेज खोल दिये गये हैं. मुख्यमंत्री वासवराज बोम्मई ने कहा कि प्रदेश में स्थिति शांतिपूर्ण है. प्रदेश के गृहमंत्री ने बताया कि इस बात का खास ध्यान रखा जा रहा है कि हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन ना हो. कुल मिलाकर स्थिति शांतिपूर्ण है, कुछेक स्थानों पर हिजाब ना हटाने की बात कही गयी थी और कुछ स्थानों पर मुस्लिम महिलाओं ने हिजाब को अनुमति देने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया गया था.

पाठको की राय