Friday, October 23rd, 2026

कोरोना संक्रमित हुए गिरिराज सिंह, ट्वीट कर कहा- होम क्वारंटाइन में हूं

पटना
देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आम से लेकर खास तक वायर से संक्रमित हो रहे हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इसकी जानकारी खुद उन्होंने ट्वीट करके दी। मंत्री ने बताया कि वे होम क्वारंटाइन में हैं। साथ ही संपर्क में आने वालों से खुद को आइसोलेट करने की अपील की। गिरिराज ने ट्वीट कर कहा, ‘शुरुआती लक्षण देखते ही मैंने कोरोना टेस्ट करवाया और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सभी जरूरी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है और होम क्वारंटाइन में हूं। उन सभी लोगों से अनुरोध करता हूं जो मेरे संपर्क में आए हैं वो खुद को आइसोलेट कर अपना टेस्ट कराएं।’बता दें कि इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी कोरोना की चपेट में हैं। इसके अलावा केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती पवार, केंद्रीय उपभोक्ता, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री अश्वनी चौबे की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।  

 

 

#Giriraj Singh

Source : Agency

पाठको की राय