Sunday, October 25th, 2026

गाजियाबाद अनलॉक: सोमवार से खुलेंगे मॉल-रेस्टोरेंट और होटल, गाइडलाइन का पालन होगा जरूरी

गाजियाबाद
करीब पौने दो माह के लॉकडाउन के बाद सोमवार से मॉल-होटल और रेस्त्रां गुलजार होंगे। कोरोना प्रोटोकॉल एवं शासन के गाइडलाइन के अनुसार 50 फीसदी क्षमता के साथ ये सभी खुलेंगे। मॉल-रेस्त्रां में साफ-सफाई से लेकर सैनेटाइजेशन की तैयारी शुरू कर दी गई है। बिना मॉस्क और तापमान मापे अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कोरोना की दूसरी लहर फैलने के बाद करीब पौने दो माह से मॉल, होटल रेस्त्रां आदि बंद कर दिए गए थे। मॉल के अलावा होटलों और रेस्टोरेंटों में बैठकर नाश्ता और खाना खाने पर रोक थी। संक्रमण को बढ़ते देख 30 अप्रैल के बाद से जनपद में संपूर्ण लॉकडाउन लागू होने से पूर्ण रुप से तालाबंदी हो गई। कुछ रेस्टोरेंटो से होम डिलीवरी की सिर्फ छूट दी गई थी। बीते 15 जून को उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 21 जून से 50 फीसदी क्षमता के साथ मॉल-होटल-रेस्त्रां को छूट देने के आदेश दिए थे। इसके बाद जनपद में इस क्षेत्र के कारोबारियों ने शनिवार से तैयारी शुरू कर दी है। 

आरडीसी के कृष्णा सागर होटल-रेस्टोरेंट के प्रबंधक अमित शर्मा ने बताया कि शनिवार को साफ-सफाई और फर्नीचर आदि की सफाई की गई। पुराने खराब सामानों को फेंक दिया गया। रविवार को विशेष सफाई के साथ सैनेटाइजेशन किया जाएगा। कुर्सियों और मेज को दूरी के साथ लगवाया जाएगा। ताकि खाने या नाश्ता करने वाले ग्राहकों को कुछ अंतराल पर बैठाया जा सके। 

प्रवेश गेट पर सैनेटाइजर और मॉस्क के बाद ही सभी को प्रवेश दिया जाएगा। कविनगर के तुषार होटल के मालिक तुषार मक्कर का कहना है कि होटल में सफाई और सेनेटाइजेशन का काम रविवार को पूरा कर लिया जाएगा। जिला प्रशासन के गाइडलाइन का इंतजार किया जा रहा है। गाइडलाइन का पालन करते हुए ही होटल संचालित कराया जाएगा। उधर, टीएचए में एक दर्जन से अधिक मॉल है। वहीं, रेस्टोरेंट भी अधिक तादाद में है। वैशाली सेक्टर-तीन के महागुन मॉल के प्रबंधक फैसल खां ने बताया कि प्रशासन के कोरोना गाइडलाइन का इंतजार किया जा रहा है। 

 

 

#गाजियाबाद अनलॉक

Source : Agency

पाठको की राय