Tuesday, October 20th, 2026

गाजियाबाद: पुलिस की गिरफ्तार हो चुके बदमाश से मुठभेड़, हाथ-पैर में लगी गोली

गाजियाबाद
गाजियाबाद की मुरादनगर पुलिस ने महिलाओं से कुंडल और अन्य जेवरात लूटने वाले एक बदमाश को मेरठ से गिरफ्तार किया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने लूट का सामान छुपा रखा है, जिसके बाद पुलिस बीती रात उसे बरामदगी के लिए ले गई। मौके पर पहुंचते ही आरोपी ने पहले से ही छुपाए गए अवैध हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के हाथ और पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, मुरादनगर क्षेत्र में 23 और 24 सितंबर को महिलाओं से कुंडल लूट की कई घटनाएं हुई थीं। जिसके बाद पुलिस ने कई टीमें लगाकर बदमाश को पकड़ने की कवायद शुरू की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर रजा मोहम्मद उर्फ रजुआ को मेरठ से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने बताया कि लूटे गए कुंडल, तमंचा और चाकू सलेमबाद गांव के एक खेत में छुपाए हैं।

पुलिस उसकी बातों पर विश्वास कर उसे मौके पर ले गई। लेकिन, वहीं उसने पहले से छुपाया गया लोडेड तमंचा निकालकर पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। वहीं पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर और हाथ में गोली लग गई।

एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि यह आरोपी लंबे समय से वांछित था और इसके खिलाफ विभिन्न थानों में लगभग 30 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटे हुए दो जोड़ी कुंडल, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है।

 

 

#Police encounter with an arrested criminal

Source : Agency

पाठको की राय