RTO में वाहनों के रजिस्ट्रेशन कार्ड मिलना हो रहे कठिन
भोपाल
राजधानी में नवरात्र, दशहरा पर सैकड़ों वाहनों की बिक्री हुई। अब भी लगातार वाहन बिक रहे हैं, लेकिन अवकाश के कारण आरटीओ में काम पेडिंग हो रहा है। संभावना है कि आने वाले दीपावली पर्व में आॅटोमोबाइल सेक्टर में इसी तरह वाहनों की बंपर बिक्री होगी। ऐसे में लोगों को सही समय पर वाहनों के रजिस्ट्रेशन कार्ड मिलना कठिन हो रहा है। बंपर वाहन बिक्री पर वाहन डीलर अपने कर्मचारियों को आरटीओ भेजकर बेचे गए वाहनों के पंजीयन कराने के लिए संबंधित कागजात आरटीओ में जमा करा रहे हैं। इससे आरटीओ में वाहनों के पंजीयन की संख्या बढ़ गई है। आम दिनों में रोजाना 250 से 300 वाहनों के पंजीयन होते थे। इन दिनों वाहनों के पंजीयनों की संख्या 500 के पार पहुंच गई है। इससे समय पर वाहन मालिकों को वाहनों के पंजीयन कार्ड मिलना मुश्किल लग रहा है।
लर्निंग लाइसेंस के लिए परेशान आवेदक
राजधानी में करीब तीन महीने पहले आॅनलाइन लर्निंग लाइसेंस बनाने का काम शुरू किया गया है, लेकिन अब भी यह व्यवस्था सही तरीके से संचालित नहीं हो रही है। रोजाना सर्वर की प्रॉब्लम के कारण आॅनलाइन आवेदन करने वाले आवेदक परेशान हो रहे हैं। आरटीओ के कर्मचारियों की मानें तो रोजाना दर्जनों आवेदकों के पैसे आॅनलाइन प्रक्रिया के कारण फंस रहे हैं और वे इसके बाद आरटीओ के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। ऐसे में सारथी एप से बनने वाले आॅनलाइन लर्निंग लाइसेंस को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पाठको की राय