Wednesday, October 21st, 2026

Gaza War: इस्राइल हमास के साथ छह हफ्ते के युद्धविराम पर सहमत, अमेरिका ने गाजा में विमान से गिराई खाद्य सामग्री

गाजा.

अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्रस्तावित गाजा संघर्ष विराम और बंधकों के रिहाई समझौते के लिए इस्राइल सहमत है, लेकिन अब इस पर फैसला हमास को करना है। अधिकारी ने कहा कि इस्राइल ने संघर्ष विराम प्रस्ताव को लगभग स्वीकार कर लिया है। प्रस्ताव के अनुसार गाजा में छह सप्ताह के संघर्ष विराम के साथ-साथ हमास बंधक बनाए गए बीमार, घायल, बुजुर्ग और महिलाओं को रिहा भी करेगा। फिलहाल, गेंद हमास के पाले में है। हम जितना संभव हो सकेगा युद्धविराम के लिए प्रयास करेंगे।

वहीं, अमेरिका ने जॉर्डन के सहयोग से आपात मानवीय सहायता के रूप में विमान के जरिये गाजा में खाद्य सामग्री के 38,000 पैकेट गिराए। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया, राहत सामग्री के 66 बंडल गिराए गए। अमेरिकी सेना ने एक बयान में कहा, यूएस सेंट्रल कमांड और जॉर्डन की वायु सेना ने शनिवार को अपराह्न तीन से पांच बजे के बीच गाजा में संघर्ष से प्रभावित नागरिकों के लिए जरूरी राहत सामग्री एयरड्रॉप की। इस संयुक्त ऑपरेशन में अमेरिकी वायु सेना और आरजेएएफ सी-130 विमान के सैनिक शामिल थे। हवाई डिलीवरी के लिए बंडल बनाए गए और सैनिकों ने खाद्य सहायता की सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित की।

रफा सिटी में इस्राइल के हमले में 11 की मौत
गाजा में इस्राइल-हमास के बीच करीब पांच महीने से संघर्ष जारी है। सात अक्तूबर को दक्षिण इस्राइल पर हमास के हमले के बाद शुरू हुए युद्ध में तीस हजार से ज्यादा लोगों की जानें जा चुकी हैं। इस्राइली सेना ने शनिवार को रफा सिटी में एक अस्पताल के पास बने शरणार्थी शिविर पर बमबारी की, जिसमें 11 फलस्तीनी नागरिक मारे गए और 50 अन्य घायल हुए हैं। गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस्राइली सेना ने दीर अल-बलाह और जबालिया में तीन घरों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए। इन हमलों में 17 फलस्तीनी मारे गए और दर्जनों घायल हुए हैं।

 

#America drops food items#from aircraft in Gaza#Israel agrees#six-week ceasefire#with Hamas

Source : Agency

पाठको की राय