Tuesday, October 20th, 2026

गौतम सिंघानिया शादी के 32 साल बाद हुए पत्नी से अलग

मुम्बई.

रेमंड लिमिटेड के चेयरमैन और एमडी गौतम सिंघानिया ने पत्नी नवाज मोदी सिंघानिया से अलग होने का ऐलान किया है। दिग्गज कारोबारी गौतम सिंघानिया ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बताया कि शादी के 32 साल बाद दोनों एक-दूसरे से अलग हो रहे हैं। बता दें कि गौतम की पत्नी नवाज पारसी हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर सिंघानिया ने लिखा- हमारे लिए इस साल की दिवाली पहले जैसी नहीं है।

हम माता-पिता के रूप में एक साथ बड़े हुए और हमेशा एक-दूसरे के लिए ताकत बने रहे। हमने प्रतिबद्धता, संकल्प, विश्वास के साथ अपने जीवन के सफर को तय किया है। गौतम सिंघानिया ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दोनों बेटियों का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि हम दोनों ही अपनी बेटी- निहारिका और निसा सिंघानिया की देखरेख करेंगे। हम जरूर अलग हो रहे हैं लेकिन वह सबकुछ करते रहेंगे जो हमारे दो अनमोल बेटी- निहारिका और निसा के लिए सबसे अच्छा होगा। सिंघानिया ने आगे कहा कि उनके परिवार के इर्द-गिर्द बहुत सारी अफवाहें और गॉसिप चल रही है। इसके साथ ही उन्होंने इंटरनेट यूजर्स से अलग होने के इस फैसले का सम्मान करने की अपील की। गौतम सिंघानिया ने कहा कि उन्हें अपने रिश्ते के सभी पहलुओं को सुलझाने के लिए स्पेस चाहिए, ऐसे में आप सभी सहयोग करें।

पिता से हुआ था विवाद
गौतम सिंघानिया कुछ साल पहले अपने पिता विजयपत के साथ विवाद को लेकर खबरों में थे। यह विवाद एक फ्लैट को लेकर शुरू हुआ था। दरअसल, विजयपत सिंघानिया इस फ्लैट को बेचना चाहते थे, लेकिन गौतम ऐसा नहीं चाहते थे। विवाद बढ़ने की वजह से दोनों के रिश्ते खराब होने लगे। बता दें कि विजयपत सिंघानिया ने रेमंड ग्रुप बनाया था। इस ग्रुप का गारमेंट में दबदबा है।

 

#Raymond Limited Chairman

Source : Agency

पाठको की राय