Wednesday, October 21st, 2026

बिहार-मुजफ्फरपुर में लकड़ियां लाने गईं चार नाबालिग सहेलियां लापता, नहीं लौटने परिजनों में दहशत

मुजफ्फरपुर.

मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थानाक्षेत्र में चार नाबालिग लड़कियां रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं। ये चारों सहेलियां रविवार शाम को जलावन के लिए लकड़ी लाने घर से निकली थीं और तब से अब तक वापस नहीं लौटीं। घटना ने पूरे गांव और परिजनों में कोहराम मचा दिया है। लापता लड़कियों की उम्र 15 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार, चारों आपस में घनिष्ठ सहेलियां थीं। जब वे देर रात तक घर नहीं लौटीं तो परिवार ने उन्हें तलाशने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और जन प्रतिनिधियों को दी गई। पुलिस के अनुसार, चारों लड़कियों के पास मोबाइल फोन थे और तकनीकी जांच के जरिए उनकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

गांव में फैली चर्चाएं और आशंकाएं
घटना के बाद गांव में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। ग्रामीणों में कुछ लोग इसे मानव तस्करी का मामला मान रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि यह प्रेम प्रसंग का मामला हो सकता है। हालांकि, परिजन किसी भी अपहरण या विवाद की संभावना से इनकार कर रहे हैं। उनकी अपील है कि पुलिस जल्द से जल्द लड़कियों को सुरक्षित वापस लाए।

पुलिस की कार्रवाई और जांच का रुख
डीएसपी (पूर्वी-2) मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस इस मामले में सघन जांच कर रही है। टेक्निकल टीम लड़कियों के मोबाइल फोन की लोकेशन और संपर्कों की जांच कर रही है। इसके अलावा, गांव की अन्य सहेलियों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि संभावित प्रेम प्रसंग और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हम मानवीय और तकनीकी दोनों माध्यमों से जानकारी जुटा रहे हैं। जल्द ही लापता लड़कियों को बरामद कर लिया जाएगा।

घटना से ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद गांव में भय और आशंका का माहौल है। लोग मानव तस्करी और अपहरण की घटनाओं को लेकर चिंतित हैं। कई ग्रामीणों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और इस मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है।

 

#Bihar-Muzaffarpur#minor girl friends missing

Source : Agency

पाठको की राय