Friday, October 23rd, 2026

जनशताब्दी एक्सप्रेस की बोगी से चार कट्टे और 23 कारतूस बरामद, यात्रियों की स्कैनिंग करेगी रेल पुलिस

 झाझा (जमुई)
हावड़ा से पटना जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस से बुधवार को पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार बरामद किया है। ट्रेन की डी-6 बोगी से एक बैग में बरामद असलहों में चार देसी कट्टे, एक धारदार दबिया (भुजाली) सहित 23 कारतूस थे। इस संबंध में झाझा रेल थाना में पीसी करते हुए किऊल रेल डीएसपी इमरान परवेज ने बताया कि डी-6 बोगी में सीटों के ऊपर वाले लगेज कैरियर पर रखे लावारिस बैग को देखकर जवानों को शक हुआ तो पूछताछ की। वहां किसी ने बैग को अपना नहीं बताया।

इसके बाद जांच अभियान का नेतृत्व कर रहे झाझा रेल थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि इन दिनों शराब बरामदगी को ले ट्रेनों में रूटीन जांच की जा रही थी। इसी दौरान बैग बरामद हुआ। अगर रेल पुलिस ने असलहों से भरा बैग बरामद नहीं कर लिया होता तो ट्रेन में अनहोनी हो सकती थी।

रेल डीएसपी ने बताया कि बदमाश के नहीं पकड़े जाने से ट्रेन में असलहों को ले जाने के पीछे अपराधियों के क्या इरादे थे, पता नहीं चल सका है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए गहन अनुसंधान के अलावा उक्त बोगी के मुसाफिरों की स्कैनिंग भी करायी जाएगी। डीएसपी ने बताया कि बरामद असलहे नए नहीं हैं। वहीं हथियार बरामद करने वाले रेल थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि बैग में असलहों के अलावा कपड़े, दैनिक उपयोग के सामान समेत कामोत्तेजना बढ़ाने वाली दवाएं भी बरामद हुई हैं।

 

Source : Agency

पाठको की राय