Sunday, October 25th, 2026

वन विकास निगम ने मुख्यमंत्री को सौंपा 2.92 करोड़ का चेक

रायपुर
छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के वर्ष 2019-20 के लाभांश की राशि 2.92 करोड़ रुपए का चेक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को उनके निवास कार्यालय में वन मंत्री मोहम्मद अकबर और छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष देवेंद्र बहादुर सिंह ने सौंपा।

इस अवसर पर सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि भारत सरकार द्वारा स्वीकृत कार्य आयोजना अंतर्गत निगम द्वारा रोपित किये गये सागौन वृक्षारोपण के विरलन से प्राप्त वनोपज के विक्रय एवं अन्य आय से वित्तीय वर्ष 2019-20 में 62 करोड़ 25 लाख रुपए की आय तथा विभिन्न कार्यों पर 31 करोड़ 79 लाख रुपए व्यय हुआ है। वर्ष के दौरान निगम को 30 करोड़ 28 लाख रुपए का लाभ हुआ है। निगम द्वारा संपादित किये जा रहे कार्यों से राज्य के वनांचल में रहने वाले वनवासियों एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के ग्रामीणों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में सुधार हेतु उन्हें सतत् रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं। निगम द्वारा बैंक अथवा किसी वित्तीय संस्थान से कोई ऋण नहीं लिया गया है, न ही निगम को राज्य शासन से कोई अनुदान प्राप्त होता है। वन विकास निगम राज्य में हरियाली के प्रसार एवं पर्यावरणीय विकास हेतु कृत संकल्प है।

राज्य वन विकास  निगम के प्रबंध संचालक पी.सी.पांडे ने निगम के कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2019-20 में निगम द्वारा 1600 हेक्टेयर क्षेत्र में 40.60 लाख सागौन, बांस एवं मिश्रित प्रजाति के पौधे लगाए गए। वर्ष 2019-20 में निगम द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य में पर्यावरण सुधार हेतु डिपाजिट रोपण योजना अंतर्गत विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों से प्राप्त राशि से 8.70 लाख मिश्रित प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया। इसी प्रकार वर्ष 2019-20 में निगम द्वारा हरियर छत्तीसगढ़ कोष अंतर्गत 5.69 लाख मिश्रित प्रजाति के पौधों को रोपण किया गया। वानिकी वर्ष में 2019-20 में 32164 घनमीटर ईमारती काष्ठ, 18113 नग जलाऊ चट्टा तथा 1354 नोशनल टन बांस का उत्पादन हुआ है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वन औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक, संसदीय सचिव शिशुपाल शोरी, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव वन मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुवेर्दी, राज्य वन विकास निगम के प्रबंध संचालक पीसी पांडे भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

 

#वन विकास निगम

Source : Agency

पाठको की राय