मिशन 2023 के लिए BJP ने चिंतन शिविर से निकाला सत्ता वापसी का फॉर्मूला
रायपुर
छत्तीसगढ़ बीजेपी के चुने हुए नेता प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व के आला नेताओं के साथ बस्तर में तीन दिनों तक चर्चा की. चर्चा के साथ ही सत्ता में वापसी के लिए चिंतन और मंथन दोनों किया गया. बीजेपी के महामंथन में पार्टी के भीतर गुटबाजी, नेताओं का जनता से दूर रहना, कार्यकर्ताओं को अधिक महत्व नहीं देना, कार्यकर्ताओं का गिरा हुआ मनोबल सामने आया जिसे छत्तीसगढ़ बीजेपी ने राज्य सरकार के ढाई साल की विफलताओं और जनता से किए गए वादों का पूरा ना होने को अमृत मान कर शहर से ग्राम पंचायत तक आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर रही है. चिंतन शिविर में मुद्दों से जनता को जोड़ना, जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना, दिखावे के बजाए सरकार के खिलाफ सतत आंदोलन करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर रणनीति तैयार की गई.
चिंतन और मंथन के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बीजेपी संगठन के दम पर मिशन 2023 में विजयश्री हासिल करेगी. संगठन को सक्रिय करने के लिए अलग-अलग मोर्चा-प्रकोष्ठ से लेकर सभी अनुशांगिक संगठन की जिम्मेदारी तय की जाएगी.
अपने तीन दिनों के मंथन शिविर में बीजेपी ने आदिवासी आरक्षित 29 सीटों पर विशेष रणनीति तैयार की जिसमें उनके जल-जंगल और जमीन की लड़ाई में साथ खड़ा रहना, आदिवासी क्षेत्रों में धर्मानंतरण के खिलाफ जमीनी लड़ाई लड़ना, नक्सवाद प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की मदद कर बीजेपी के प्रति मन में विश्वास जगाने जैसी रणनीति तैयार की गई. साथ ही आदिवासी क्षेत्र में सक्रिय अन्य राजनीतिक दलों की गतिविधियों पर नजर रखने की भी योजना बनाई गई. इतना ही नहीं राज्य के सभी मतदान केंद्र क्षेत्रों में 25-25 कार्यकर्ताओं की नई टीम बनाना और उसे शक्ति केंद्रों से जोड़ने को लेकर भी रणनीति तैयार की गई. बैठक के बाद राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि सभी यहां से सकारात्मक ऊर्जा लेकर गए हैं जो आने वाले दिनों में बेहतर साबित होगा.
बीजेपी ने अपने चिंतन शिविर में इस बात की रणनीति तय की कि कैसे राज्य सरकार को ढाई साल बनाम पंद्रह सालों के विकास के मुद्दें पर घेरा जाए. कैसे लोगों को बीजेपी से जोड़ा जाए, कैसे सरकार के खिलाफ धरातल पर अविश्वास का महौल बनाया जाए और इन सब के बीच यह भी कि कैसे केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाए और उसके दम पर अपनी खोई हुई जमीन वापस पाई जाए.

पाठको की राय