Tuesday, October 20th, 2026

टीकमगढ़ में जोरदार बारिश से बाढ़ जैसे हालात, कई मार्गों पर आवागमन अवरुद्ध

 टीकमगढ़

टीकमगढ़। जिले में बीती रात 1 बजे से लगातार बारिश जारी है। इससे शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। शहर में कई जगह पार्किंग में रखे हुए 4 पहिया वाहन बारिश के चलते डूब गए। वहीं जिला मुख्यालय से कई क्षेत्रों का सम्पर्क भी टूट गया।

जतारा-पलेरा मार्ग पर स्थित उर नदी उफान पर आने से यह मार्ग पूर्णतः बंद हो गया है। यहां दोनों ओर पुलिस के जवान तैनात हैं। वहीं बान सुजारा बांध भी 55 प्रतिशत भर चुका है। अब 70 प्रतिशत बांध भरने के बाद गेट खोले जाएंगे। बारिश के चलते कलेक्टर अवधेश शर्मा ने तहसीलदारों को क्षेत्र में अलर्ट रहने के साथ ही नदी किनारे बसे गावों में मुनादी कराकर नदी के आसपास लोगों को नहीं जाने की समझाइश देने की बात कही है।

दरअसल, बारिश के बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गईं, जहां कॉलोनियों में पानी भर गया औऱ कई दुकानों में पानी भरा होने के चलते सुबह से दुकानदार पानी मोटर पम्प से बाहर निकालते हुए नजर आए।

बता दें कि भू अभिलेख अधीक्षक कार्यालय द्वारा सुबह 8.30 बजे जिलेभर में हुई बारिश के आंकड़े जारी किए गए, जिसमें बताया गया कि जिले में कुल 34.5 मिलीमीटर औसत बारिश हुई है, जबकि तहसील क्षेत्रों की बात करें तो टीकमगढ़ में 175.0 मिमी, बड़ागांव धसान में 48.0 मिमी, बल्देवगढ़ में 7.0 मिमी, खरगापुर में 9.0 मिमी, जतारा में 15.0 मिमी, मोहनगढ़ में 10.0 मिमी, लिधौरा में 10.0 मिमी, पलेरा में 2.0 मिमी बारिश हुई है।

 

#rain

Source : Agency

पाठको की राय