Monday, October 26th, 2026

मध्यप्रदेश में आज बाढ़ का अलर्ट जारी किया, नदी-नाले उफान पर

भोपाल

मध्यप्रदेश के कई शहरों में 72 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। नदी-नाले उफनाकर सीमाएं तोड़ने लगे हैं। प्रदेश में आज बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। तवा, नर्मदा, शिप्रा, बेतवा और पार्वती किनारे बाढ़ का खतरा है। पार्वती उफनाने से श्योपुर-कोटा हाईवे 30 घंटे बंद रहा। श्योपुर में अमराल नदी पर बने सोंई भीखापुर का रपटा डूब गया। इसे पार करने की कोशिश में बाइक सवार बहने लगा। हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया। भोपाल में एयरपोर्ट, लालघाटी, ऐशबाग और नारियलखेड़ा समेत कई इलाकों में सड़कों पर 3-3 फीट तक पानी भर गया। कोलांस नदी का पानी भदभदा के आगे सीहोर रोड पर आ गया। भोपाल-सीहोर मार्ग पानी उतरने तक बंद रहा।

शिवपुरी के मोहिनी सागर और मड़ीखेड़ा बांध के गेट खोलने से सिंध नदी में भी पानी बढ़ गया है। क्वारी नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। खंडवा में इंदिरा सागर बांध के 12 गेट खोलने पड़ गए। सीहोर के नसरुल्लांगज और रेहटी में भारी बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया। शिवपुरी में बेतवा में नदी उफना गई। टापू पर फंसे दो चरवाहे और उनके जानवरों को रेस्क्यू किया गया।

1 जून से अब तक सबसे ज्यादा बारिश भोपाल, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल और छिंदवाड़ा में हुई है। यहां 30 इंच तक पानी गिर चुका है। मौसम विभाग ने 24 घंटों के लिए बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे तक पश्चिम मध्यप्रदेश में बाढ़ का जोखिम बन गया है। राजघाट बांध, भदभदा डैम, कलियासोत डैम, ओंकारेश्वर डैम और तवा डैम के साथ ही प्रदेश में कई जगह बांधों के गेट खोलने पड़े हैं।

दोपहर तक इन इलाकों में भारी से भारी बारिश का अलर्ट
गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, विदिशा, राजगढ़, नीमच, टीकमगढ़, सतना, रीवा, पन्ना, सीधी, बैतूल, छिंदवाड़ा, भोपाल, शिवनी, मंदसौर, नर्मदापुरम, सागर, सीहोर और हरदा में दोपहर या दोपहर बाद तक भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

 

#बाढ़ का अलर्ट

Source : Agency

पाठको की राय