कांग्रेस वचन पत्र समिति की पहली बैठक 12 को, मुद्दों की तलाश
भोपाल
प्रदेश कांग्रेस की पिछले महीने बनी वचन पत्र समिति की पहली बैठक कमलनाथ लेने जा रहे हैं। नाथ के बंगले पर 12 मई को यह बैठक होने जा रही है। जिसमें वचन पत्र तैयार करने के लिए कैसे इस समिति को काम करना होगा यह तय किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस में संभवता पहली बार ऐसा हो रहा है कि चुनाव के डेढ़ साल पहले से ही घोषणा पत्र में शामिल करने वाले मुद्दों की तलाश के लिए समिति सक्रिय होगी।
इस समिति के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंह हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में वचन पत्र समिति की रणनीति तय हो जाएगी। बताया जाता है कि समिति इस बार हर जिले में जाएगी। इसके लिए चार-पांच सदस्यों की टीम बनाई जाएगी। यह टीम पांच हिस्सों में बंट कर अभी से जिलों के दौरे पर जाएगी। पहले चरण में जिलों से जुड़े मुद्दे और विकास कार्यों को लेकर यह समिति अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपेगी। इसके बाद दूसरे चरण में व्यापारी, किसान सहित अन्य लोगों से बातचीत कर उनकी मांगों और सरकार से उन्हें क्या सुविधाएं आदि चाहिए इस की रूपरेखा बनाई जाएगी। इनमें से किन-किन बिंदुओं को कांग्रेस अपने वचन पत्र में शामिल करेगी,इसे इस साल के अंत तक तय कर लिया जाएगा। इसके बाद अगले साल जो अन्य मुद्दे सामने आए उन्हें बाद में तय किया जाएगा।
डीआरओ पहुंचे जिलों में भोपाल की बैठक आज
प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों को लेकर पार्टी के जिला निर्वाचन अधिकारी (डीआरओ) जिलों में पहुंचने लगे हैं। जिलों में जाने से पहले इन्हें प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में चुनाव को लेकर ट्रैनिंग दी गई थी। वहीं आज भोपाल डीआरओ किशोर जेना जिले के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक लेने जा रहे हैं। डीआरओ को बूथ से लेकर जिला अध्यक्ष और प्रदेश प्रतिनिधि तक के चुनाव करवाने हैं। चुनाव की प्रक्रिया करीब चार महीने चलेगी। इस दौरान डीआरओ को पूरी चुनावी प्रक्रिया पूरी करवाना होगी। भोपाल में शाम को डीआरओ बैठक करने जा रहे हैं। वहीं कई अन्य जिलों में भी डीआरओ आज और कल बैठक लेंगे।

पाठको की राय