Wednesday, October 21st, 2026

न्यूज़ पेपर के ऑफिस पर गोलीबारी , मीडियाकर्मी घायल 

आगरा
 उत्तर प्रदेश आगरा में मंगलवार रात एक अखबार के ऑफिस पर फायरिंग हो गई। गोली एक मीडिया कर्मी की गर्दन में लग गई। घायलावस्था में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मौके पर एसएसपी सुधीर कुमार सिंह पहुंच गए। एसएसपी का कहना है कि सीसीटीवी में दो लोगों को गोलियां चलाते हुए देखा गया है। जल्द ही इस केस का खुलासा किया जाएगा।


थाना ताजगंज के पंचवटी पार्श्वनाथ के प्लाजा में एक अखबार का कार्यालय है। इसी ऑफिस में ब्लॉक प्रमुख सुग्रीव सिंह चौहान का भी ऑफिस बना है। मंगलवार रात करीब 8: 50 अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट शुरू हो गई। उस समय सुग्रीव सिंह चौहान अपने कार्यालय में मौजूद थे। गोलियां चलने से दहशत फैल गई। अपनेआप को बचाने के लिए लोग टेबल आदि से छिपने लगे, लेकिन गोली मीडियाकर्मी आनंद सिंह की गर्दन में धंस गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। ब्लॉक प्रमुख और उनके समर्थक घायल को निजी अस्पताल लेकर पहुंच गए। जहां उसका इलाज जारी है।

एसएसपी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की तलाश की जा रही है। घटना के पीछे क्या कारण हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मीडियाकर्मी की हालत सामान्य है, वह खतरे से बाहर है। दूसरी ओर इसे राजनीतिक प्रतिद्वंद्वता बताया जा रहा है। ब्लॉक प्रमुख सुग्रीव सिंह का पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह से विवाद चला आ रहा है। यही वजह है कि सुग्रीव सिंह अपने साथ सुरक्षाकर्मी रखते हैं।

राजनेताओं का लग गया जमावड़ा
फायरिंग की घटना शहर में आग की तरह फैल गई। कई पार्टियों के नेता घटनास्थल और निजी अस्पताल पर पहुंच गए। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा पूर्व विधायक व बाह विधानसभा के प्रत्याशी मधुसूदन शर्मा, कांग्रेस शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू, फतेहाबाद से बीएसपी के प्रत्याशी शैलू जादौन समेत अन्य नेताओं की रातभर चहल कदमी बनी रही। ज्यादातर लोग इसे राजनैतिक रंजिश बता रहे थे। हालांकि लोगों का कहना था कि यह हमला सुग्रीव सिंह पर हुआ था, मगर उनका ऑफिस अखबार के ऑफिस के पीछे है और दोनों ऑफिस में जाने के लिए एक ही गेट है। इसी गेट पर फायरिंग हुई थी।
 

 

#अखबार के ऑफिस पर फायरिंग

Source : Agency

पाठको की राय