Wednesday, October 21st, 2026

जम्‍मू तवी से टाटा नगर जा रही एक्‍सप्रेस ट्रेन में आग, यात्रियों में मचा हड़कंप

अलीगढ़
जम्‍मूतवी से टाटा नगर जा रही मुरी एक्‍सप्रेस में अचानक आग लग जाने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। लगेज बोगी से उठती लपटें और धुआं देखकर यात्री दहशत में आ गए। इस बीच आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने आनन-फानन में अलीगढ़ स्‍टेशन के प्‍लेटफार्म नंबर दो को खाली कराया। ट्रेन को इस प्‍लेटफार्म पर लाकर सबसे पहले लगेज बोगी के सामान को बाहर निकाला गया।

इसके बाद ट्रेन में लगी आग को बुझाने के उपाय शुरू हुए। स्‍टेशन पर मौजूद फायर फाइटिंग उपकरणों के साथ कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के लिए मशक्‍कत शुरू की। करीब आधे घंटे की कवायद के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इतने में दमकल टीम भी रेलवे स्‍टेशन पर पहुंच गई। हालांकि तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था। आग की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है।

ट्रेन की जिस बोगी में आग लगी थी उसे अलग करके ट्रेन को रवाना कर दिया गया। आरपीएफ और रेलवे अधिकारी संयुक्‍त रूप से नुकसान का आकलन करने में जुटे है। माना जा रहा है दो से पांच लाख रुपए तक के सामान का नुकसान हो सकता है।

 

 

#जम्‍मू तवी

Source : Agency

पाठको की राय