Tuesday, October 20th, 2026

रिपेयरिंग के दौरान शार्टसर्किट से लगी आग, दो बसें जली

शहडोल
 नए बस स्टैंड से बाणगंगा बायपास मुख्य मार्ग पर विशनदासानी पेट्रोल पंप से 100 मीटर दूरी पर रिपेयरिंग के दौरान शार्ट सर्किट से आग लग गई। जिसकी चपेट में आकर दो बसें जल गई है। आग बहुत भीषण थी यदि समय पर नगरपालिका का फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचता तो आसपास खड़ी दूसरी बसें जल सकती थी। पेट्रोल पंप पास में ही है, इसलिए बड़ी घटना हो सकती थी।


मुख्‍य मार्ग के पास हो रही थी रिपेयरिंग : मुख्य मार्ग के किनारे हीराकुंड बस की रिपेयरिंग हो रही थी पास में ही फिजा ट्रैवल्स की एक बस खड़ी थी। रिपेयरिंग के दौरान हीराकुंड बस में शार्ट सर्किट से आग लग गई। हीराकुंड बस में एसी लगा हुआ है जिसकी गैस लीक हो रही थी और बेल्डिंग करते समय आग लग गई।

आग की चपेट में आ गई दोनों बसें : एक बस में आग लगी तो बगल में खड़ी दूसरी बस भी चपेट में आ गई और दोनों जल गई। मालूम हो कि जहां यह घटना हुई है सामने ही यातायात पुलिस थाना है। इसके बावजूद यहां पेट्रोल पंप के आसपास मुख्य मार्ग के किनारे हमेशा बसें खड़ी रहती हैं जिससे आवागमन भी बाधित होता है। मुख्य मार्ग के किनारे ही कई रिपेयरिंग की दुकानें हैं और यही बसें खड़ी होती है। जिस तरह से आग लगी वह काफी खतरनाक हो सकता था। यह घटना लगभग 4:45 बजे की है। सूचना मिलते ही नगर पालिका का अमला दमकल वाहन लेकर पहुंचा और आग पर काबू पा लिया। इस दौरान बड़ी संख्‍या में लोग मोबाइल से वीडियो बना रहे थे।

 

#दो बसें जली

Source : Agency

पाठको की राय