Tuesday, October 20th, 2026

मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में भड़की आग,जबलपुर से दो फायर ब्रिगेड बुलाई

जबलपुर

 

जबलपुर बार्डर से सटे मनेरी औद्योगिक (मंडला) क्षेत्र स्थित सनमुखा एग्रीटेक फैक्ट्री में  भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में पेस्टिसाइड्स, बायो फर्टिलाइजर, माइक्रो न्यूट्रिएंट सहित अन्य कृषि संबंधी उत्पाद बनाए जाते हैं। केमिकल होने की वजह से आग और भड़क गई। निवास से एक और जबलपुर से दो फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाई गई, लेकिन पूरी फैक्ट्री लपटों में घिर गई है। अब आग बुझाने के लिए फोम का प्रयोग किया जा रहा है।

सनमुखा फैक्ट्री में शाम 4.30 से पांच बजे के बीच ये आग भड़की। आशंका व्यक्त की जा रही है कि शार्ट-सर्किट से ये आग भड़की। एग्रीटेक उत्पाद होने से आग तेजी से फैली। फैक्ट्री के डायरेक्टर एन श्रीनिवास राव और मैनेजर आंजनेय इलू के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैक्ट्री के अंदर फैली कि कुछ समझ ही नहीं आया।


फैक्ट्री से निकल गए थे कर्मी

ग़नीमत ये रहा कि फैक्ट्री में काम करने वाले 25 कर्मी समय रहते बाहर निकल गए। सूचना पर निवास से फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी पहुंची, लेकिन आग तब तक विकराल रूप ले चुकी थी। जबलपुर से दो गाड़ी बुलानी पड़ी। तीन वाहनों से भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। रात आठ बजे फोम का प्रयोग कर आग बुझाने का प्रयास शुरू हुआ। इस हादसे में लाखों रुपए के नुकसान होने की बात कही जा रही है।


मनेरी में नहीं फायर ब्रिगेड की यूनिट

निवास विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले ने इस हादसे पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि सुविधाओं की बात कह इसे जबलपुर के निकट मनेरी में औद्योगिक क्षेत्र बना दिया गया, लेकिन वहां आज तक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई। हर साल कई फैक्ट्रियों में आग लगने की घटनाएं सामने आती रही है, बावजूद वहां फायर ब्रिगेड तक नहीं है।

 

#भड़की आग

Source : Agency

पाठको की राय