Saturday, October 24th, 2026

अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दमकल ने पाया काबू, आग से निपटने के इंतजाम मिले फेल

कानपुर
 
यूपी के कानपुर में बारादेवी चौराहे के पास बने संतोष हॉस्पिटल में शुक्रवार भोर आग लगने से अफरातफरी मच गई। आनन फानन में पुलिस और दमकल को सूचना दी गई। पुलिस ने अस्पताल को खाली कराया। वहीं दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। इंस्पेक्टर जूही जितेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह साढ़े 5 बजे सूचना मिली कि संतोष अस्पताल की दूसरी मंजिल में आग लग गई है। पुलिस टीम ने अस्पताल में भर्ती तीन महिलाओं और स्टाफ को बाहर निकाला।

दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। अस्पताल में आग से निपटने के उपकरण अपर्याप्त पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अस्पताल में आग लगने के समय 7 मरीज भर्ती थे। इनमें तीन महिलाएं और 4 बच्चे बताए जा रहे हैं। वहीं आग लगते ही पहले तो मरीज, तीमारदार और अस्पताल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल स्टाफ ने मरीजों के तीमारदारों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर दो दमकल की गाड़ी भेजी जिन्होंने आग पर काबू पाया।

 

 

#अस्पताल में शॉर्ट सर्किट

Source : Agency

पाठको की राय