कांग्रेस विधायक अजब सिंह पर चौथी बार एफआइआर दर्ज
ग्वालियर
मुरैना के सुमावली से कांग्रेस विधायक अजब सिंह कुशवाह पर जमीन की धोखाधड़ी संबंधी चौथी एफआईआर बुधवार को कोतवाली थाना में दर्ज की गई। पीड़ित ने विधायक से 6 हजार फीट जगह खरीद की थी। लेकिन विधायक उस जगह का कब्जा नहीं दिला सके और कोर्ट में केस होने की बात कहकर टरकाते रहे। इसको लेकर पीड़ित द्वारा की गई शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। इससे पहले एक युवक विधायक के दरवाजे पर जहर खाकर जान भी दे चुका है।
यह था मामला-
गोला का मंदिर थाना अंतर्गत तरुण विहार कॉलोनी में रहने वाले जसवंत भिंड के रहने वाले हैं। जसवंत का प्रोपर्टी संबंधी काम है। जसवंत ने पुलिस को बताया कि विधायक अजब सिंह कुशवाह व उसके भाई रतिराम कुशवाह से वर्ष 2015 में मुलाकात हुई थी। तब उन्होंने बताया था कि वह एक कॉलोनी काट रहे है। यदि वह चाहे तो उसमें प्लाट ले ले। उनकी बातों में आकर उसने छह हजार फीट जमीन का सौदा कर लिया। इसके लिए उसने 33.46 लाख रुपए देकर 6 हजार फीट जगह की गोरखी में रजिस्ट्री भी करा ली थी। अजब सिंह ने कहा था कि सौदा होने के बाद तय समय में वह कॉलोनी डवलप कर पजेशन दे देंगे। लेकिन रजिस्ट्री होने के बाद उन्होंने न तो पजेशन दिया और नहीं कॉलोनी काे डवलप किया। जब उन्होंने दबाव बनाया तो विधायक ने जमीन विवादित बताते हुए कोर्ट का मामला चल रहा यह बता दिया। जब उनसे पैसा वापस करने की मांग की तो पहले तो टरकाते रहे फिर पैसा लौटाने से इंकार कर दिया।

पाठको की राय