Saturday, October 24th, 2026

गोपाल मंडल के बेटे पर FIR, नीतीश के बड़बोले विधायक के पुत्र पर पुलिस से रंगदारी मांगने का आरोप

भागलपुर.

अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले जेडीयू विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल के पुत्र आशीष मंडल पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। भागलपुर के कदवा सहायक थाना में एफआईआर दर्ज की गयी है। कदवा थाना अध्यक्ष मो. नसीब अंसारी के बयान पर दर्ज एफआईआर में आरोपी विधायक पुत्र के खिलाफ  सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के साथ रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है। पुलिस छानबीन कर रही है।

विधायक गोपाल मंडल ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। गोपाल मंडल बिहार के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। थानाध्यक्ष मो. नसीब अंसारी ने दर्ज एफआईआर में बताया है कि विधायक पुत्र ने रात लगभग 9 बजे फोन कर थाना पर आने को कहा। मैं उस समय शाम की गश्ती में था। हम लगभग 930 बजे थाना पहुंचे, जहां विधायक पुत्र आशीष मंडल अपने 20-25 समर्थकों के साथ मजमा लगाकर प्रशासन विरोधी नारे लगाते हुए थाना का घेराव कर रहे थे। जब मैं विधायक पुत्र आशीष मंडल को समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने बात नहीं सुनी और लगातार प्रदर्शन किया जाता रहा। उधर, विधायक गोपाल मंडल के पुत्र आशीष मंडल ने कहा कि थानाध्यक्ष ने जो भी आरोप लगाया है वह निराधार है। हमलोग कदवा पुलिस की मनमानी के खिलाफ शांतिपूर्ण धरना पर बैठे थे। थाना पर जो भी पीड़ित आवेदन लेकर जाता है थानाध्यक्ष डांट फटकार कर भगा देते हैं और बाद में मुंशी फोन कर पैसा मांगता है।

पिछले 21 अप्रैल को आपसी विवाद में कदवा थाना कांड संख्या 11/24 एवं 12/24 में मामला दर्ज किया गया था। जिसको लेकर आशीष मंडल द्वारा थाने में मेल मिलाप का आवेदन देकर केस सुलह करने का दबाव बनाया गया। थानेदार मो. नसीब अंसारी नेकहा कि यहां पर केस दर्ज होता है, मेल मिलाप कोर्ट में होता है। लेकिन आशीष मंडल और उनके समर्थकों ने बात नहीं सुनी। वह प्रदर्शन करने लगे। इसको देखते हुए हमने अपने बयान पर आशीष मंडल सहित नौ लोगों को नामजद और 15 अज्ञात पर मामला दर्ज किया है।

 

#FIR#MLA#Gopal Mandal's son

Source : Agency

पाठको की राय