Friday, October 23rd, 2026

छगन भुजबल और 2 अन्य के खिलाफ FIR

 मुंबई
 
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री छगन भुजबल और दो अन्य लोगों के खिलाफ मुंबई पुलिस ने बिजनेसमैन को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में FIR दर्ज की है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शख्स ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता भुजबल को कुछ वीडियो भेजे थे, जिनमें वह कथित तौर पर हिंदू धर्म के खिलाफ बोलते नजर आ रहे थे।

अधिकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात इस मामले में चेंबूर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने बताया, 'व्यक्ति की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा-506(2) (आपराधिक धमकी) और धारा-34 (समान मंशा) के तहत भुजबल और दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया।'

भुजबल ने हिंदू धर्म के खिलाफ दिया बयान?
अधिकारी के अनुसार, 'प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि भुजबल ने शिकायतकर्ता की ओर से उन्हें दो वीडियो भेजने के बाद उसे जान से मारने की धमकी दी। इन वीडियो में भुजबल कथित तौर पर हिंदू धर्म के खिलाफ बोलते सुनाई दे रहे हैं।'

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं भुजबल
उन्होंने बताया कि मामले की जांच मुंबई अपराध शाखा की यूनिट-6 कर रही है। मालूम हो कि भुजबल एनसीपी के सदस्य हैं और मौजूदा समय में महाराष्ट्र विधानसभा में नासिक के येवला निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह राज्य के उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।

 

 

#छगन भुजबल

Source : Agency

पाठको की राय