आखिरी फैसला बाकी: किसानों के भारत बंद को कांग्रेस का समर्थन देने की सोनिया गांधी से सिफारिश
नई दिल्ली
धरना प्रदर्शन-आंदोलनों के लेकर बने कांग्रेस के एक पैनल ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से सिफारिश की है कि 27 सितंबर को बुलाए किसानों के भारत बंद को समर्थन दिया जाए। कमेटी की अध्यक्षता कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के हाथ में हैं। माना जा रहा है कि पैनल ने मंगलवार को अपनी पहली बैठक के बाद सोनिया गांधी को यह सिफारिश भेजी है। इस बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित पैनल के सभी सदस्य शामिल हुए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, एक पार्टी सूत्र ने कहा, 'किसी भी राजनीतिक पार्टी के समर्थन के बिना भारत के किसान बिना थके कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं। कांग्रेस पार्टी भी इन कानूनों को वापस लेने की मांग कर रही थी। इसलिए, कमेटी ने कांग्रेस अध्यक्ष से सिफारिश की है कि किसानों के भारत बंद को पार्टी पूरी तरह समर्थन दे। अब कांग्रेस अध्यक्ष इस मामले में आखिरी फैसला लेंगी।'
माना यह भी जा रहा है कि भारत बंद का आह्वान करने वाला किसान संगठन संयुक्त किसान मोर्चा भी नेताओं और अन्य संगठनों से समर्थन मांग सकता है। इस बीच कांग्रेस ने 20 से 30 सितंबर के बीच देशभर में अपनी प्रदेश इकाइयों को केंद्र सरकार के आर्थिक, सामाजिक और कोविड-रोधी नीतियों को लेकर धरना प्रदर्शन करने को कहा है।
आतंकियों पर प्रहार को भारत की मदद लेगा US! पर्दे के पीछे क्या हो रहा
बता दें कि तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग पर अड़े किसानों ने ऐलान किया है कि वे 27 सितंबर को भारत बंद करेंगे। किसानों ने पिछले साल नवंबर में कानूनों के खिलाफ आंदोलन की शुरुआत की थी।

पाठको की राय