Wednesday, October 21st, 2026

कोलकाता के SSKM अस्पताल के CT स्कैन रूम में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंचीं दमकल की 10 गाड़ियां

कोलकाता
कोलकाता के SSKM अस्पताल में बीती रात भीषण आग लग गई। पुलिस कमीश्नर विनीत कुमार गोयल ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने बताया, 'हॉस्पिटल के CT स्कैन रूम में गुरुवार रात करीब 10:30 बजे आग लगी, जिसके बाद दमकल विभाग के कर्मचारियों को बुलाया गया। अस्पताल को खाली कराने में स्थानीय लोगों ने भी मदद की। आग अब नियंत्रण में है। कूलिंग प्रक्रिया जारी है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स आगे की जांच करेंगे।' SSKM अस्पताल में आग लगने के बाद दमकल की 10 टीमें मौके पर पहुंची थीं। स्टेट मिनिस्टर अरूप बिस्वास ने बताया कि हॉस्पिटल में इमरजेंसी सेवाएं फिर से शुरू कर दी गई हैं। आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया गया है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मालूम हो कि सेठ सुखलाल करनानी मेमोरियल हॉस्पिटल (SSKM) पश्चिम बंगाल के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में से एक है।

आग लगने की खबर से मचा हड़कंप
रिपोर्ट के मुताबिक, आग लगने के बाद अस्पताल की इमरजेंसी बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से तेज लपटें उठती देखी गईं। यहां धुएं के गुब्बार उठते भी नजर आए। अस्पताल में आग लगने की खबर से हड़कंप मच गया था। राहत की बात यह रही कि जिस बिल्डिंग में आग लगी थी, वहां मौके पर कोई मरीज नहीं था। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अस्पताल में स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य हो गई है।

जूता फैक्ट्री में आग लगने से व्यक्ति की मौत
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मादीपुर गांव में स्थित एक जूता फैक्ट्री में गुरुवार को आग लगने से 36 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें सुबह आठ बजकर आठ मिनट आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की 9 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि दोपहर साढ़े 12 बजे आग पर काबू पाया लिया गया।

 

 

#कोलकाता के SSKM अस्पताल

Source : Agency

पाठको की राय