Wednesday, October 21st, 2026

कोरोना में पिता की हुई थी मौत, आवेदन लगाने में देर की वजह से नहीं मिल पा रहा था लाभ

दुर्ग
प्रति सोमवार एवं मंगलवार को आयोजित होने वाले कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम में आज 47 आवेदन आये। कुछ आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया और शेष आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया है। आज का पहला आवेदन एक श्रमिक परिवार से आया। इस परिवार के बेटे ने बताया कि उनके पिता की मृत्यु कोरोना से हुई थी, इसके लिए श्रमिक परिवारों को मिलने वाली सहायता का आवेदन देने में दो दिन विलंब हो गया। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने उन्हें बताया कि आपके आवेदन को श्रम मंत्रालय को फारवर्ड किया गया है तथा उनसे आपकी परिस्थितियों को देखते हुए विशेष अनुग्रह प्रदान करते हुए, सहायता देने का अनुरोध किया गया है। शीघ्र ही मंत्रालय से इस पर निर्णय लिया जाएगा और आपको अवगत कराया जाएगा। इस मौके पर नगरीय निकायों से भी लोगों ने सड़क-बिजली आदि से संबंधित समस्या रखी। कलेक्टर ने इस संबंध में अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये।

संविदा नियुक्ति में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजन को पद देने आवेदन- आज का पहला आवेदन संविदा नियुक्ति की माँग से संबंधित था। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के पुत्र ने अपनी बिटिया के लिए संविदा नियुक्ति की माँग रखी। उन्होंने बताया कि पहले पिता का पेंशन आता था, फिर माता जी को पेंशन मिलता था। पिछले साल माता जी नहीं रहीं। अब यदि बिटिया को संविदा नियुक्ति मिल जाती है तो परिवार को राहत पहुंचेगी। कलेक्टर ने उन्हें बताया कि आवेदन का परीक्षण कराया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हाउसिंग बोर्ड कालोनी में पानी ठहराव की समस्या- हाउसिंग बोर्ड कालोनी के निवासी भी कलेक्टर से मिले। उन्होंने कहा कि हाउसिंग बोर्ड कालोनी में जलठहराव की समस्या है। इससे एलआईजी-416 से लेकर एलआईजी-425 तक के निवासी परेशान हैं। जलभराव होने की वजह से जलजनित बीमारियों का खतरा बना हुआ है। कलेक्टर ने अधिकारियों को समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये।

पट्टे के लिए आवेदन- इस मौके पर सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने अपने आवेदन दिये। एक आवेदन में एक संगठन ने पट्टे की जमीन की माँग की ताकि सामाजिक गतिविधि को बढ़ाया जा सके। संगठन ने बताया कि उनके संगठन ने 30 वर्षों से लगातार जनहित में काम किये हैं। पट्टा मिल जाने पर वे भवन बना सकेंगे और अपना कार्य बढ़ा सकेंगे।

 

#Father

Source : Agency

पाठको की राय