Saturday, October 24th, 2026

धान के बदले अन्य फसल लेने वाले किसानों को भी समितियों से ऋण की सुविधा

बालोद
कलेक्टर जनमेजय महोबे के मार्गदर्शन में कृषि, सहकारिता, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक और उद्यानिकी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सेवा सहकारी समितियों में चैपाल व शिविर आयोजित कर जिले में धान के बदले अन्य फसल लेने वाले किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं राजेन्द्र कुमार राठिया ने बताया कि आयोजित चैपाल के माध्यम से धान के बदले अन्य फसल जैसे मक्का, सोयाबीन, टमाटर, गन्ना, हल्दी, अदरक, पपीता, कपास, मशरूम, सब्जी आदि फसल लेने वाले किसानों को भी शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर समितियों से ऋण सुविधा आदि की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि चैपाल में कृषकों को ऋण वितरण, वर्मी कम्पोस्ट वितरण, के.सी.सी. कार्ड, सदस्यता वृद्धि, गौपालन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, समिति/बैंक स्तर के विभिन्न प्रकार के ऋण वितरण की तकनीकी ज्ञान एवं प्रक्रियात्मक आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर ऋण की समिति स्तर पर त्वरित निराकरण कर धान के बदले अन्य फसल लेने हेतु किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही क्षेत्र के कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा गन्ना, मक्का जैसे नगदी फसल लेने एवं मिट्टी की गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए फसल लेने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कृषक चैपाल में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, उद्यान विस्तार अधिकारी, सहकारी विस्तार अधिकारी, शाखा प्रबंधक, समिति प्रबंधक, अध्यक्ष एवं कृषक शामिल हो रहे हैं।

 

Source : Agency

पाठको की राय