Sunday, October 25th, 2026

सूखा में स्थापित हुए 500 एमवीए के नए ट्रांसफार्मर से लाभान्व‍ित होंगे महाकौशल के कृषक

भोपाल

पावर ग्रिड ऑफ इंडिया द्वारा जबलपुर के सूखा में अपने 400 केवी सब स्टेशन में 500 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत किया है। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के माध्यम से सुविधा का लाभ जबलपुर व महाकौशल की जनता को मिलने लगा है। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के 220 केवी सब स्टेशन सूखा में 220 केवी इनकमिंग नंबर तीन से यह बिजली लेना प्रारंभ कर दी है। पावर ग्रिड के400/ 220 केवी सब स्टेशन में वर्तमान में 315-315 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर स्थापित हैं।

500 एमवीए क्षमता के नए ट्रांसफार्मर स्थापित होने के पश्चात् इस अतिरिक्त क्षमता वृद्ध‍ि से आगामी रबी सीजन में सिंचाई के लिए महाकौशल क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में बिजली उपलब्ध होगी।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन और पावर ग्रिड ऑफ इंडिया के मध्य विभिन्न स्तरों पर समन्वय बैठक होती रही है। इन बैठकों का सुखद परिणाम आज सामने आया। बैठकों के पश्चात् पावर ग्रिड ऑफ इंडिया ने महाकौशल क्षेत्र में ट्रांसमिशन सिस्ट्म को सुदृढ़ करने के लिए अपने 400 केवी सब स्टेशन सूखा में 500 एमवीए क्षमता का एक अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित करने का निर्णय लिया गया था। इस नए ट्रांसफार्मर के चार्ज होने व नई व्यवस्था होने से जबलपुर, नरसिंहपुर, कटनी, दमोह जिलों के कृषकों व बिजली उपभोक्ताओं को काफ़ी लाभ मिलेगा और इन जिलों की पारेषण व्यवस्था और ज्यादा सुदृढ़ व मजबूत होगी।

 

#400 केवी सब स्टेशन

Source : Agency

पाठको की राय