Saturday, October 24th, 2026

आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अधिक आय प्राप्त करें किसान - मंत्री डॉ. मिश्रा

भोपाल

प्रदेश सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों के अनुरूप समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के विकास के लिये संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा शनिवार को रानी लक्ष्मीबाई केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी द्वारा वृंदावन धाम दतिया में आयोजित कृषि यंत्र वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषकों को आधुनिक एवं उन्नत तकनीक का इस्तेमाल करना चाहिये, जिससे कि उन्हें अधिकतम आय प्राप्त हो सके। समारोह में अनुसूचित-जाति एवं जनजाति के 150 किसानों को 10 लाख रुपये की राशि के कृषि यंत्र वितरित किये गये।

गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि कृषि वैज्ञानिकों द्वारा समय-समय पर दी जाने वाली सलाह से अधिकतम आय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि परम्परागत कृषि के साथ ही उन्नत एवं आधुनिक तकनीक के संयोजन और नकदी फसलों की खेती से कृषक अधिक लाभान्वित हो सकते हैं। कृषक वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार उन्नत तकनीकी, गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक सिंचाई पद्धति को अपनायें। सफेद मूसली और अंजीर जैसी अधिक आय देने वाली फसलों को लगायें। कृषि के परम्परागत तरीकों में बदलाव लायें। दो फसलों के स्थान पर तीन फसल लेने का प्रयास करें। इससे किसानों को अधिकतम आय प्राप्त होगी और आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी।

वेटरनरी एवं फिशरीज कॉलेज का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करायें

मंत्री डॉ. मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि नौनेर में निर्माणाधीन वेटरनरी एवं फिशरीज कॉलेज का कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आगामी शिक्षण सत्र से कॉलेजों में शिक्षण कार्य प्रारंभ हो जाना चाहिये। कॉलेजों के प्रारंभ हो जाने से क्षेत्र को बहु-आयामी लाभ प्राप्त होगा। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अरविंद कुमार ने आश्वस्त किया कि हर हाल में जून-2022 से पूर्व निर्माण कार्य को पूर्ण करा लिया जायेगा, जिससे कि आगामी सत्र में शिक्षण कार्य प्रारंभ किया जा सके।

समारोह को कृषि वैज्ञानिकों के साथ ही पूर्व विधायक डॉ. आशाराम अहिरवार, प्रशांत ढेंगुला और गिन्नी राजा ने भी संबोधित किया। समारोह में डीन डॉ. सुनील कुमार चतुर्वेदी, डायरेक्टर अनिल कुमार, श्रीमती रजनी पुष्पेन्द्र रावत, रामजी खरे, विपिन गोस्वामी सहित कृषक बंधु उपस्थित थे।

 

#आधुनिक तकनीक

Source : Agency

पाठको की राय