Wednesday, October 21st, 2026

किसान की बेटी पार्वती बनेगी डॉक्टर, कांकेर शासकीय मेडिकल कॉलेज में हुआ चयन

जगदलपुर
होनहार युवाओं को चिकित्सा और इंजीनियरिंग जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी के लिए बस्तर जिले में शुरु किए गए नि:शुल्क कोचिंग संस्थान युवोदय एकेडमी से मिले मार्गदर्शन के कारण एक ग्रामीण किसान की बेटी पार्वती का डॉक्टर बनने का सपना पूरा होने जा रहा है।

बकावंड विकासखण्ड के बोरीगांव के किसान घनश्याम कोकड़े की बेटी पार्वती का चयन कांकेर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्रा के तौर पर होने के कारण घर में खुशियों की लहर छा गई है। पांच बहन और एक भाईयों में सबसे छोटी बेटी पार्वती के पिता एक साधारण किसान हैं तथा उनकी मां रामबती अपनी गृहस्थी के साथ ही अपने पति के खेती-किसानी के काम में भी हाथ बटाती है।

मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे बच्चों के शिक्षा में कोरोना काल में आई शिक्षा बाधा को दूर करने के लिए कलेक्टर रजत बंसल के मार्गदर्शन में शुरु किए गए युवोदय एकेडमी से पार्वती को बहु त अधिक सहायता मिली। उल्लेखनीय है कि युवोदय एकेडमी के माध्यम से 43 बच्चों ने तैयारी की, जिसमें 32 बच्चों ने नीट परीक्षा में क्वालीफाई किया, जिसमे कॉन्सलिंग में पार्वती कोकडे का चयन शासकीय मेडिकल कॉलेज कांकेर में हुआ। इसके साथ ही नर्सिंग, फार्मेसी, वैटनरी में भी अन्य बच्चों का चयन हुआ है। युवोदय एकेडमी शासकीय शिक्षकों द्वारा संचालित राज्य ही नही देश का पहला नवाचार है। युवोदय एकेडमी द्वारा बनाए गए नोट्स पूरे देश में देखा जा रहा है और पसंद किया जा रहा है। यहां ऑफलाइन क्लास के साथ ही साथ ऑनलाइन क्लास के माध्यम से भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जिसका लाभ जिले के साथ ही प्रदेश व देश के बच्चे उठा रहे हैं।

 

#Government Medical College

Source : Agency

पाठको की राय