Wednesday, October 21st, 2026

मशहूर डायरेक्टर सिकंदर भारती का निधन, 60 साल की उम्र में मुंबई में ली आखिरी सांस

मुंबई

हिंदी सिनेमा से एक बेहद दुखी कर देने वाली खबर सामने आई है. मशहूर फिल्म डायरेक्टर सिकंदर भारती का निधन हो गया. वो 60 साल के थे और 24 मई को मुंबई में उन्होंने अंतिम सांस ली. 25 मई को सुबह 11 बजे ओशिवारा शमशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया. फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां उनके अंतिम संस्कार में पहुंचीं. सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी.

नहीं रहे सिकंदर भारती
सिकंदर भारती ने हिंदी सिनेमा को कई हिट फिल्में दी हैं. डायरेक्टर ने 'घर का चिराग', 'जालिम', 'रुपए दस करोड़', 'भाई भाई', 'सैनिक सिर उठा के जियो', 'दंडनायक', 'रंगीला राजा', 'पुलिस वाला' और 'दो फंटूश' जैसी फिल्में बनाई थीं. उन्होंने कई बड़े कलाकारों के साथ काम भी किया है. उनके परिवार में उनकी पत्नी पिंकी और तीन बच्चे सिपिका, युविका और सुकरात हैं. फिल्म डायरेक्टर के निधन से उनके घरवालों का बुरा हाल हो गया है. वहीं कई चाहने वालों की आंखें नम नजर आ रही हैं.

सिकंदर भारती उन डायरेक्टर्स में थे, जो किसी भी प्रोजेक्ट को पूरी शिद्दत से करते थे. उन्हें इस बात की फिक्र नहीं रहती थी कि फिल्म हिट होगी या फ्लॉप, वो रिजल्ट की परवाह किये बिना ईमानदारी से अपना काम करते रहते थे. हिंदी सिनेमा में उन्होंने राजेश खन्ना, शाहरुख खान, अक्षय कुमार और गोविंदा जैसे बड़े स्टार्स के साथ काम किया. वो जब भी कोई फिल्म बनाते, उसके जरिये दर्शकों को खास मैसेज देने की कोशिश करते. यही वजह रही कि उनकी पिक्चर्स को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला.

सेलेब्स के साथ खास बॉन्ड
सिकंदर भारती कंट्रोवर्सी से दूर रहते थे. वो जब भी किसी के साथ काम करते, तो उनकी कोशिश रहती कि किसी चीज को लेकर कोई विवाद ना हो. इसलिये शायद आज तक वो इंडस्ट्री में किसी गलत खबर की वजह से सुर्खियों में नहीं आये. उनका हर एक्टर के साथ अच्छा बॉन्ड होता था, जो कि उनके काम में नजर भी आता था. अब तक ये पता नहीं चल पाया कि डायरेक्टर का निधन कैसे हुआ. ना ही उनके परिवार की तरफ से कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया गया है.

 

 

#Sikander Bharti Death

Source : Agency

पाठको की राय