Sunday, October 25th, 2026

'झूठी कार्रवाई.. झूठा सबूत, शिवसेना नहीं छोड़ूंगा' ED के छापे पर बोले संजय राउत

मुंबई
रविवार सुबह सुबह प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम ने शिवसेना सांसद संजय राउत के घर पर छापा मारा है। राउत पर पात्रा चाल घोटाले में हेर फेर का आरोप है और उन पर जांच में सहयोग न करने का आरोप है। पूछताछ के लिए संजय राउत गिरफ्तार किए जा सकते हैं। उधर छापे के बीच संजय राउत की प्रतिक्रिया भी सामने आई है और उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट्स किए हैं।

दरअसल, प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम मुंबई के भांडुप स्थित घर पहुंची है। टीम के पहुंचते ही संजय राउत के घर के बाहर उनके समर्थकों का जमावड़ा लग गया है। राउत के समर्थक जांच एजेंसी और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। उधर संजय राउत ने भी प्रतिक्रिया दी है। अपने कई ट्वीट्स में उन्होंने लिखा कि शिवसेना नहीं छोड़ूंगा, महाराष्ट्र और शिवसेना अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में यह भी लिखा कि यह झूठी कार्रवाई, झूठा सबूत है, मैं मरते दम तक लड़ूंगा और शिवसेना नहीं छोड़ूंगा। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य ट्वीट्स रीट्वीट भी किए हैं।

महाराष्ट्र के 1000 करोड़ से ज्यादा के पात्रा चॉल जमीन घोटाला मामले में ईडी की टीम संजय राउत पहले से ही पूछताछ कर रही है। उन्हें 27 जुलाई को ईडी ने तलब किया था। हालांकि वह अधिकारियों के सामने पेश नहीं हुए थे। इसके बाद अब ईडी के अधिकारी उनके घर पहुंचे हैं।
 
उधर संजय राउत के घर ईडी की टीम पहुंचने पर भाजपा नेता रामकदम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कोई नेता है, इसलिए उसकी जांच नहीं होगी, ऐसा नहीं हो सकता है। अखबार सामना चला रहे हैं लेकिन जांच का सामना नहीं कर पा रहे हैं। देश में कोई भी हो, जिसनें गलत काम किया है, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

 

 

#संजय राउत

Source : Agency

पाठको की राय